IPL 2026: क्रिकेट है या मजाक! सुपर शनिवार के दिन घटिया फील्डिंग ने तोड़ा फैंस का दिल, 2 मैचों में टपकाए 10 कैच
आईपीएल 2026 में शनिवार को खराब फील्डिंग ने फैंस का दिल तोड़ दिया। दो मैचों में कुल 10 कैच टपकाए गए। जानें किस खिलाड़ी ने कब और कैसे कैच छोड़े। ...और पढ़ें

रवींद्र जडेजा और करुण नायर ने आसान कैच टपकाए

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल को दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग माना जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस टी20 लीग ने शानदार खेल का एक स्टैंडर्ड सेट किया है। यह लीग खिलाड़ियों के लिए दुनियाभर में अपनी पहचान बनाने का मंच बन चुकी है। हालांकि, शनिवार को घटिया फील्डिंग ने इस टी20 लीग की साख पर बट्टा लगा दिया।
आईपीएल 2026 में शनिवार को डबल हेडर के दौरान कुल 10 कैच टपकाए गए। जी हां, सुपर शनिवार को खिलाड़ियों ने इतना लचर प्रदर्शन किया कि चार पारियों में 10 कैच छूटे, जिससे निश्चित ही दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग की साख पर दाग लगा। फैंस तब भौंचक्के रह गए, जब दुनिया के बेस्ट फील्डर्स में से एक रवींद्र जडेजा ने आसान कैच टपका दिया।
किस टीम ने कितने कैच टपकाए
दिन का पहला मैच दिल्ली और पंजाब के बीच अरुण जेटली स्टेडियम पर खेला गया। पंजाब ने पहले फील्डिंग की और 2 कैच टपकाए। फिर दिल्ली ने होमग्राउंड पर चार कैच छोड़कर अपने फैंस को मायूस कर दिया। इस मुकाबले को पंजाब ने 7 गेंदें शेष रहते 6 विकेट से अपने नाम किया।
इसके बाद दिन का दूसरा मुकाबला राजस्थान और हैदराबाद के बीच जयपुर में खेला गया। इस मैच में घटिया फील्डिंग के मामले में दोनों टीमें बराबर रहीं। दोनों टीमों की तरफ से दो-दो कैच छूटे। हैदराबाद ने 9 गेंदें शेष रहते 5 विकेट से जीत दर्ज की।
खबरें और भी
चलिए आपको बताते हैं कि ये 10 कैच कब और किसने छोड़े।
शशांक को रहेगा मलाल - दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही थी। पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने पारी के तीसरे ओवर की जिम्मेदारी संभाली। दूसरी गेंद पर शशांक सिंह ने केएल राहुल का आसान कैच टपका दिया। राहुल ने शॉर्ट बॉल पर डीप स्क्वायर लेग की दिशा में शॉट जमाया। शशांक सिंह ने आसान कैच छोड़ दिया। अर्शदीप और टीम की सह-मालकिन प्रीति जिंटा काफी निराश हुए।
राहुल तब 12 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद उन्होंने रिकॉर्डधारी पारी खेली और 67 गेंदों में 16 चौके व 9 छक्कों की मदद से नाबाद 152 रन बनाए।
वैशाक को नहीं दिखी गेंद - केएल राहुल किस्मत के धनी रहे। तीसरे ओवर के बाद उन्हें 10वें ओवर में फिर जीवनदान मिला। विजयकुमार वैशाक ने दूसरी गेंद गुड लेंथ पर डाली, जिस पर राहुल ड्राइव खेलने गए। वैशाक के पास अपने फॉलो थ्रू में कैच लेने का शानदार मौका था, जिसे उन्होंने गंवा दिया। गेंद सीधे जाकर गेंदबाज के पैर में लगी। राहुल ने दो जीवनदान लिए, लेकिन आईपीएल में 150 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने।
आकिब नबी से नहीं हो पाया - पंजाब की शुरूआत बेहद खराब होती क्योंकि मुकेश कुमार द्वारा डाले पारी के दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर आकिब नबी ने प्रभसिमरन सिंह का कैच टपका दिया। मुकेश की वाइड फुल-टॉस पर प्रभसिमरन के बल्ले का किनारा लगकर गेंद बैकवर्ड प्वाइंट की दिशा में गई। नबी ने दाएं ओवर डाइव लगाई, लेकिन कैच नहीं पकड़ सके।
लुंगी को गंभीर चोट - अक्षर पटेल जोड़ी ब्रेक करने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उन्हें मुंह की खानी पड़ी। तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर एनगिडी ने मिड-ऑफ पर प्रियांश आर्य का कैच छोड़ दिया। दरअसल, अक्षर की गेंद पर प्रियांश ने हवाई शॉट खेला और मिड-ऑफ पर मौजूद लुंगी एनगिडी पीछे की तरफ कैच लेने दौड़े।
यह मुश्किल कैच था। एनगिडी से कैच छूटा और वो गर्दन के बल पर गिर पड़े। डीसी के तेज गेंदबाज गंभीर रूप से चोटिल हो गए और उन्हें स्ट्रैचर के सहारे एंबुलेंस में ले जाया गया। एनगिडी के कनकशन सब के रूप में विपराज निगम को शामिल किया गया।
मुकेश से हुई गलती - अक्षर वाकई दुर्भाग्यशाली रहे। 9वां ओवर करने आए अक्षर की पहली गेंद पर मुकेश कुमार ने लेग साइड में कैच टपका दिया, जो कि सिक्स में कन्वर्ट हुआ। कूपर कोनोली को छह रन के साथ जीवनदान मिला।
करुण नायर बने विलेन - दिल्ली-पंजाब मैच फंसा हुआ था। 15वां ओवर कर रहे विपराज निगम की आखिरी गेंद पर करुण नायर ने कैच के साथ-साथ मैच भी टपका दिया। नायर ने लांग ऑफ पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर का आसान कैच टपका दिया। श्रेयस ने 36 गेंदों में तीन चौके और सात छक्के की मदद से नाबाद 71 रन बनाए।
अनिकेत के कारण वैभव ने जड़ा शतक - यह घटना शनिवार को दूसरे मैच की है। एहसान मलिंग पारी का पांचवां ओवर करने आए। पहली गेंद पर अनिकेत वर्मा ने डीप मिड-विकेट पर वैभव सूर्यवंशी का कैच टपका दिया। वैभव को लाइफलाइन मिलने के साथ-साथ चार रन भी मिले। वैभव ने इस मौके को अच्छी तरह भुनाया और तूफानी शतक जड़ा।
रेड्डी ने मौका गंवाया - राजस्थान की पारी के 16वें ओवर में नीतिश रेड्डी टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ में से एक कैच पकड़ने से चूक गए। प्रफुल हिंगे के ओवर की दूसरी गेंद पर रियान पराग ने मिडविकेट की दिशा में शॉट खेला। रेड्डी बाएं ओर मुड़े और हवा में छलांग लगाकर एक हाथ से कैच पकड़ने का प्रयास किया। मगर गेंद उनके हाथ में नहीं चिपकी। रॉयल्स के कप्तान फिर भी फ्लॉप रहे और 7 रन बनाकर कमिंस की गेंद पर बोल्ड हुए।
जडेजा ने आसान कैच छोड़ा - इस पल ने फैंस का दिल तोड़ दिया। तुषार देशपांडे द्वारा किए पारी के पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर रवींद्र जडेजा ने अभिषेक शर्मा का बैकवर्ड प्वाइंट पर बेहद आसान कैच छोड़ दिया। शर्मा ने मौके को भुनाकर अर्धशतक जमाया।
ब्रिजेश ने की बड़ी गलती - जोफ्रा आर्चर पारी का 15वां ओवर कर रहे थे। पहली गेंद पर नीतिश रेड्डी को थर्ड मैन पर ब्रिजेश ने जीवनदान दिया। नीतिश के बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगकर गेंद थर्ड-मैन की दिशा में गई। ब्रिजेश ने कैच लेने का असफल प्रयास किया। इस तरह दो मैचों में 10 कैच छूटे।
प्वाइंट्स टेबल का हाल
बता दें कि पंजाब और हैदराबाद ने शनिवार को विजेता बनने का गौरव हासिल किया। पंजाब ने लगातार छठी जीत दर्ज की और आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में वो शीर्ष स्थान पर काबिज है। सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को पीटा और इस तरह वो तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। दिल्ली की टीम छठे जबकि राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर हैं।