T20 World Cup 2026: पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका-न्यूजीलैंड की होगी भिड़ंत, कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?
टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में रविवार को साउथ अफ्रीका ने जीत की हैट्रिक लगाई। टूर्नामेंट में अजेय साउथ अफ्रीका ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम म ...और पढ़ें

4 मार्च को पहला सेमीफाइनल
HighLights
दक्षिण अफ्रीका का अजेय सफर जारी
सुपर-8 के अपने अंतिम मैच में जिंबाब्वे को हराया
4 मार्च को खेला जाएगा पहला सेमीफाइनल
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में रविवार को साउथ अफ्रीका ने जीत की हैट्रिक लगाई। टूर्नामेंट में अजेय साउथ अफ्रीका ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हराया। इसके साथ ही पहले सेमीफाइनल की टीमें तय हो गई हैं। पहले सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह मैच 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।
टॉप पर रही साउथ अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका और जिंबाब्वे के मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे ने 153 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 17.5 ओवर में पांच विकेट खोकर 154 रन के टारगेट को चेज कर लिया। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप-1 में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
ग्रुप-1 में पहले नंबर पर रहने वाली टीम का सामना दूसरे ग्रुप की दूसरे नंबर की टीम से होगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप-2 की टॉपर का सामना पहले ग्रुप की दूसरे नंबर वाली टीम से होगा। इस स्पॉट के लिए भारत और वेस्टइंडीज के बीच जंग हो रही है।


हार के साथ जिम्बाब्वे की विदाई
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जिंबाब्वे एक और उलटफेर करने के इरादे से उतरी थी, लेकिन ऐसा हो नहीं सका और लगातार तीन हार के साथ उसकी टूर्नामेंट से विदाई हुई। हालांकि, जिंबाब्वे के लिए यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। टीम ने ग्रुप चरण में आस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी टीमों को हराया और पहली पार टी-20 विश्व कप के सुपर-8 में जगह बनाई और 2028 टी-20 विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
खबरें और भी
जिंबाब्वे का ‘सिकंदर’
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जिंबाब्वे के लिए एक बार फिर कप्तान सिकंदर रजा ने मोर्चा संभाला। पांचवें ओवर में दो विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए सिकंदर ने 29 गेंद में अर्धशतक जड़ा और टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। सिकंदर ने 73 रन बनाए, जबकि बाकी टीम ने 76 रन बनाए।
अगर सिकंदर रन नहीं बनाते तो टीम यहां तक भी नहीं पहुंच पाती। सिकंदर ने 43 गेंदों की पारी में आठ चौके व चार छक्के लगाए। बल्ले से कमाल दिखाने के अलावा सिकंदर ने गेंद से भी जलवा दिखाया और अपने चार ओवर में क्विंटन डिकाक, डेवाल्ड ब्रेविस और एडेन मार्करैम जैसे बल्लेबाजों का विकेट लिया।
ब्रेविस-मिलर का कमाल
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में सिकंदर रजा ने क्विंटन डिकाक (00) को विकेटकीपर मारुमानी के हाथों कैच कराकर साउथ अफ्रीका को बड़ा झटका दिया। तीसरे ओवर में सिकंदर ने कप्तान एडेन मार्करैम (2) को बोल्ड किया। हालांकि इसके बाद रयान रिकल्टन (31) और ब्रेविस (42) ने पारी को कुछ संभाला, लेकिन पावरप्ले के अंतिम ओवर में ब्रैड इवांस ने रिकल्टन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
लेकिन ब्रेविस और डेविड मिलर ने केवल 23 गेंद में 50 रन जोड़कर मैच लगभग जिंबाब्वे की पकड़ से बाहर कर दिया। हालांकि मुजरबानी ने मिलर और सिकंदर रजा ने ब्रेविस को आउट कर टीम की उम्मीदें दीं, लेकिन ट्रिस्टन स्टब्स (19) और जार्ज लिंडे (30) ने जिंबाब्वे को खुशी मनाने का कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए अटूट 53 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।