सचिन तेंदुलकर के साथ इतिहास रचने वाले विनोद कांबली थे कभी टीम इंडिया की जान, फिर बर्बाद हो गया करियर; फिल्मों में भी रहे नाकाम
सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त विनोद कांबली का क्रिकेट करियर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम से बाहर होने ...और पढ़ें

विनोद कांबली ने क्रिकेट के बाद एक्टिंग में आजमाया हाथ

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सचिन तेंदुलकर को दुनिया के महान बल्लेबाजों में गिना जाता है। उन्हें क्रिकेट का भगवान तक कहा जाता है। हालांकि, एक बल्लेबाज को उनसे भी ज्यादा प्रतिभाशाली कहा जाता था और वह टीम इंडिया में भी खेला। यह खिलाड़ी कोई और नहीं सचिन के बचपन के दोस्त विनोद कांबली हैं। कांबली का क्रिकेट करियर वैसा नहीं रहा जैसा उम्मीद थी। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग भी की लेकिन, यहां भी सफल नहीं हुए।
हमारी खास सीरीज 'स्पोर्ट्स टू स्क्रीन' में आज कहानी कांबली की। क्रिकेट की दुनिया को अलविदा कहने के बाद कांबली फिल्मी पर्दे पर छाने की कोशिश करते नजर आए थे, लेकिन यहां उनको सफलता नहीं मिली।
टीम इंडिया से किए गए बाहर
कांबली ने सचिन के साथ मिलकर बचपन में मुंबई के हैरिस शील्ड नाम के टूर्नामेंट में 664 रनों की साझेदारी की थी। यहीं से दोनों चर्चा में आए। सचिन ने साल 1989 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था। वहीं, कांबली ने 18 अक्टूबर 1991 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मैच के रूप में अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला। वह एक समय टीम इंडिया का नियमित हिस्सा थे, लेकिन फिर खराब फॉर्म के चलते वह टीम से अंदर-बाहर होते रहे। टीम इंडिया के लिए उन्होंने आखिरी टेस्ट मैच नवंबर 1995 में खेला और आखिरी वनडे श्रीलंका के खिलाफ 29 अक्टूबर 2000 में खेला।
उन्होंने 1992 और 1996 वर्ल्ड कप भी खेला। इसके बाद से ही कांबली टीम इंडिया से अंदर-बाहर होने लगे और फिर 2000 के बाद वह टीम से पूरी तरह से बाहर कर दिए गए। 2004 में वह मुंबई के लिए अपना आखिरी फर्स्ट क्लास मैच खेले। साल 2009 में उन्होंने इंटरनेशनल और 2011 में उन्होंने घरेलू क्रिकेट से संन्यास का एलान कर दिया था।
फिल्मों में किया काम
कांबली जब टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे और वापसी की कोशिश कर रहे थे उसी दौरान वह फिल्मी पर्दे पर भी नजर आए। उनका क्रिकेट करियर हवा में झूल रहा था ऐसे में उन्हें विकल्पों की तलाश थी। इसी दौरान उनको फिल्मों का प्रस्ताव मिला और उन्होंने 2002 में संजय दत्त, सुनील शेट्टी के साथ फिल्म 'अनर्थ' की। 2009 में वह एक और फिल्म में नजर आए। इस फिल्म में उनके साथ भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अजय जडेजा भी थे। ये फिल्म थी 'पल-पल दिल के साथ'। 2015 में वह कन्नड़ फिल्म 'बेट्टानगेरे' में भी नजर आए।
इसके अलावा वह छोटे पर्दे पर भी दिखाई दिए। 2004 में वह 'मैं बनूंगी मिस इंडिया' में भी नजर आए। 2009 में वह 'बिग बॉस' और कॉमेडी सर्कस का भी हिस्सा बने। हालांकि, एक्टिंग करियर में भी उन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली।
2009 में ही उन्होंने विधानसभा चुनाव भी लड़ा। कांबली ने महाराष्ट्र की विक्रोली विधानसभा सीट से लोक भारती पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, वह चुनाव हार गए थे। इस समय कांबली की स्थिति काफी खराब है। वह बीमारी से जूझ रहे हैं और ठीक से चल भी नहीं पाते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।