Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    RCB vs GT, IPL 2026 Final: घर गुजरात का, बादशाहत आरसीबी की, अहमदाबाद में गूंजा- इस बार भी कप हमारा है

    Updated: Mon, 01 Jun 2026 08:30 AM (IST)

    आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीती। विराट कोहली ने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाकर 'चेज मास्टर' की भूमिका निभाई और टी ...और पढ़ें

    RCB vs GT, IPL 2026 Final: घर गुजरात का, बादशाहत आरसीबी की

    RCB vs GT, IPL 2026 Final: घर गुजरात का, बादशाहत आरसीबी की

    HighLights

    1. RCB ने GT को 5 विकेट से हराकर जीता IPL 2026 का खिताब

    2. आरसीबी ने लगातार दूसरे सीजन आईपीएल की ट्रॉफी की अपने नाम

    3. आरसीबी की जीत के हीरो रहे विराट कोहली

    डिजिटल डेस्क, जागरण दिल्ली। एक छक्का... और फिर भावनाओं का ऐसा विस्फोट, जिसे शब्दों में बांधना मुश्किल है। चेज मास्टर विराट कोहली ने अरशद खान के 18वें ओवर की अंतिम गेंद को जैसे ही लांगआन के ऊपर से स्टैंड्स में पहुंचाया, नरेंन्द्र मोदी स्टेडियम में मौजूद हजारों आरसीबी समर्थकों का इंतजार जश्न में बदल गया।

    कोहली ने तुरंत हेलमेट उतारा, दायां हाथ आसमान की ओर उठाया और फिर डगआउट की तरफ इशारा किया। अगले ही पल उनके साथी खिलाड़ी मैदान में दौड़ पड़े और भारतीय क्रिकेट के इस महानायक को गले लगा लिया। पिछले साल आरसीबी के प्रशंसकों ने ई साला कप नामदे (इस साल कप हमारा है) का नारा दिया था और रविवार को जीत के बाद अहमदाबाद में आरसीबी के प्रशंसकों ने ई साला कूडो कप नामदे (इस साल भी कप हमारा है) के नारे लगाए।

    पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली आरसीबी ने फाइनल में भी अपना दबदबा कायम रखा और गुजरात टाइटंस के 156 रन के लक्ष्य के जवाब में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्राफी अपने नाम कर ली।

    चेज मास्टर Virat Kohli

    जब भी लक्ष्य का पीछा करने की बात आती है तो विराट कोहली का नाम सबसे पहले याद आता है और आइपीएल फाइनल में एक बार फिर उन्होंने साबित कर दिया कि उन्हें ‘चेज मास्टर’ क्यों कहा जाता है। कोहली ने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली और आरसीबी की जीत की पटकथा लिखी।

    खबरें और भी

    विराट कोहली जब क्रीज पर उतरे तो उनके चेहरे पर वही आत्मविश्वास और दृढ़ता नजर आ रही थी, जिसने पिछले डेढ़ दशक में भारतीय क्रिकेट को अनगिनत यादगार जीत दिलाई हैं। उन्होंने शुरुआत में ही कैगिसो रबादा जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज पर हमला बोल दिया। एक ओवर में 4, 4, 6, 4 जड़कर गुजरात के गेंदबाजों का मनोबल तोड़ दिया।

    कोहली को शुरुआत में वेंकटेश अय्यर का भी साथ मिला। दोनों बल्लेबाजों ने सिर्फ 4.3 ओवर में 62 रन जोड़कर मैच का रुख लगभग तय कर दिया। पावरप्ले में आरसीबी ने 70 रन बना लिए और गुजरात की वापसी की संभावनाएं काफी हद तक खत्म हो गईं। हालांकि वेंकटेश, देवदत्त, कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या के जल्दी-जल्दी आउट होने से आरसीबी का स्कोर 91 रन पर चार विकेट हो गया।

    एक समय ऐसा लगा कि गुजरात मुकाबले में लौट सकती है, लेकिन कोहली चट्टान की तरह डटे रहे। उन्होंने न केवल विकेट संभाला बल्कि रन गति भी बनाए रखी। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की तरह आरसीबी के गेंदबाजों ने जो बढ़त दिलाई थी, कोहली ने उसे हाथ से नहीं जाने दिया।

    कोहली ने अरशद की गेंद पर पुल शाट खेलकर इस सीजन का अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया। कोहली को एक जीवनदान भी मिला, जब शुभमन गिल ने उनका कैच पकड़ा, लेकिन रीप्ले में गेंद जमीन छूती हुई दिखाई दी। इसके बाद कोहली ने अपने अंदाज में मैच खत्म किया। अरशद खान की गेंद पर शानदार छक्का जड़कर उन्होंने आरसीबी को जीत दिलाई। जैसे ही गेंद सीमा रेखा के पार गई, आरसीबी का डगआउट जश्न में डूब गया। खिलाड़ी मैदान की ओर दौड़ पड़े और कोहली को घेर लिया।

    आरसीबी का शानदार प्रदर्शन

    इससे पहले आरसीबी के गेंदबाजों ने गुजरात को 155 रन पर रोक दिया था। वाशिंगटन के अलावा गुजरात का कोई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया। गिल, सुदर्शन, सिंधू, बटलर दबे दबे, थके थके नजर आए। भुवनेश्वर, हेजलवुड और रासिख सलाम ने गुजरात के बल्लेबाजों को थामे रखा। रजत पाटीदार ने शानदार कप्तानी की।

    आईपीएल समापन समारोह में कैलाश खेर का जलवा

    आइपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस की पारी समाप्त होने के बाद मशहूर गायक कैलाश खेर ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शक उनकी गायकी के रंग में रंग गए।

    कैलाश खेर ने अपने लोकप्रिय गीत ‘बम लहरी’ समेत कई प्रस्तुतियां दीं, कैलाश खेर की प्रस्तुति के दौरान स्टेडियम के ऊपर महादेव, त्रिशूल, डमरू और ब्रह्मांड से जुड़े मनमोहक दृश्य प्रदर्शित किए गए, जिन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस आइपीएल की शुरुआत में उद्घाटन समारोह नहीं किया गया था। यह निर्णय पिछले सीजन के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए लिया था।

    वैभव सूर्यवंशी ने जीता ऑरेंज कैप

    आइपीएल 2026 के मूल्यवान खिलाड़ी बने वैभव राजस्थान के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आइपीएल 2026 में आरेंज कैप अपने नाम कर ली। वह यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।

    इससे पहले यह रिकॉर्ड साई सुदर्शन के नाम था, जिन्होंने 2025 में 23 साल 231 दिन में आरेंज कैप जीती थी। वैभव को इमर्जिंग प्लेयर आफ द सीजन और मूल्यवान खिलाड़ी (मोस्ट वैल्यूएबल) का पुरस्कार भी मिला। इसके अलावा उन्होंने सुपर सिक्सेस, सुपर स्ट्राइकर और प्लयेर आफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड भी जीता। वह सीजन के 16 मैचों में 237.30 के शानदार स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वैभव ने अहमदाबाद में आइसीसी चेयरमैन जय शाह के साथ बैठकर मैच का लुत्फ भी उठाया।

    यह भी पढ़ें- RCB फिर बनी चैंपियन तो ढोल पर बैठकर नाचे कप्तान Rajat Patidar, कोहली-क्रुणाल ने भी लगाए ठुमके-VIDEO

    यह भी पढ़ें- RCB vs GT Final match के बाद बड़ा हादसा, गुजरात टाइटंस की बस में लगी भयंकर आग; खिलाड़ी बाल-बाल बचे