वैभव सूर्यवंशी को अंडर-19 टीम से क्यों किया गया नजरअंदाज? जानिए क्या कहता है नियम
बीसीसीआई ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली घरेलू सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 टीम का ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिली टीम में जगह?

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की जूनियर चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली घरेलू सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 टीम का एलान कर दिया है। इस टीम में वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटों का नाम है, लेकिन वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं मिली है। इसे लेकर कई लोगों के मन में सवाल होगा कि वैभव को क्यों नहीं चुना गया जबकि वह अभी सिर्फ 15 साल के ही हैं?
वैभव ने अपने आप को एक तूफानी बल्लेबाज के तौर पर स्थापित किया है। वह आयुष म्हात्रे की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहे थे, फिर भी उन्हें ऑस्ट्रेलियाई सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है।
ये नियम बना चुनौती
दरअसल, इसके पीछे बीसीसीआई द्वारा साल 2016 में बनाया गया एक नियम है। नियम ये है कि एक खिलाड़ी एक ही बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलेगा। अगर खिलाड़ी वर्ल्ड कप खेल लेता है तो वह फिर दोबारा अगले वर्ल्ड कप की साइकिल में नहीं आएगा। वैभव ने पिछले साल अंडर-19 वर्ल्ड कप खेला था और जीता भी था। इसी के साथ उनका बतौर अंडर-19 प्लेयर के तौर पर खेलने का मौका चला गया। उस टीम के कुछ और खिलाड़ी भी अब अंडर-19 क्रिकेट नहीं खेलेंगे।
इसलिए एक तरह से पूरी एक नई टीम को मौका दिया गया है जिसमें आर्यवीर सहवाग और अनव्य द्रविड़ को चुना गया है।
ऐसा है कार्यक्रम
ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 टीम सितंबर में भारत दौरे पर आएगी और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। ये मैच राजकोट में खेले जाएंगे। इसके बाद दो मैच लाल गेंद से होंगे जो तीन दिन के होंगे। इसमें से एक मैच राजकोट में होगा जबकि दूसरा मैच अक्टूबर में अहमदबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बी ग्राउंड पर खेला जाएगा।
