Duleep Trophy: ईस्ट जोन ने हासिल की एकतरफा जीत, सेमीफाइनल में पहुंची वैभव सूर्यवंशी की टीम
दलीप ट्रॉफी 2026 में वैभव सूर्यवंशी की टीम ईस्ट जोन ने कमाल कर दिया। उन्होंने नॉर्थ ईस्ट जोन को हराकर उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

वैभव सूर्यवंशी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भले ही दलीप ट्रॉफी 2026 में बल्ले से फ्लॉप रहे लेकिन गेंद से उन्होंने कमाल कर दिया। वैभव ने दो विकेट लिए और अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया है। ईस्ट जोन की टीम ने बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में खेले गए मुकाबले में नॉर्थ ईस्ट जोन को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।
ईस्ट जोन की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के हाथों में है। टीम के लिए शहबाज अहमद ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया और बल्ले से शतक बनाने के बाद गेंदबाजी से 4 विकेट हासिल किए। शहबाज के अलावा ईस्ट जोन के लिए सुदीप घरामी ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और सेंचुरी ठोक दी। ईस्ट जोन ने विपक्षी टीम को पारी और 210 रनों के बड़े अंतर से हराया।
ईस्ट जोन ने पहली पारी में बनाया विशाल स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन के लिए शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (8) और अभिमन्यु ईश्वरन (15) सस्ते में आउट हो गए। कुमार कुशाग्र और सुदीप घरामी ने पारी को संभाला लेकिन कुशाग्र 55 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट सिंह (2) और कप्तान किशन (4) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। सातवें नंबर पर बैटिंग करने आए शहबाज अहमद ने पारी को संभाला और शतक लगाया।
सुदीप ने 146, जबकि अहमद ने 167 रनों की पारी खेली। इन दोनों की शतकीय पारी की बदौलत ईस्ट जोन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 467 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
अभिजीत सरकार के पंजे में फंसी नॉर्थ ईस्ट जोन
467 रनों के जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन बल्लेबाजी के लिए उतरी। पूरी टीम 111 रनों पर सिमट गई। ईस्ट जोन के अभिजीत सरकार ने कमाल किया और 5 विकेट हॉल प्राप्त किया। उनके सामने नॉर्थ ईस्ट जोन के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। शहबाज अहमद ने तीन, जबकि अनुकूल रॉय और मुकेश कुमार को एक-एक सफलता मिली।
ईस्ट जोन ने दिया फॉलोऑन
पहली पारी में नॉर्थ ईस्ट जोन को 111 रनों पर समेटने के बाद ईशान किशन की कप्तानी वाली टीम ने फॉलोऑन दिया। दूसरी पारी में भी नॉर्थ ईस्ट के बल्लेबाज अपना कमाल नहीं दिखा सके। पूरी टीम 146 रनों पर सिमट गई। ईस्ट जोन के लिए अनुकूल ने कमाल की बॉलिंग की और 5 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा वैभव सूर्यवंशी को भी दो सफलता मिली। मुकेश कुमार, अभिजीत सरकार और शहबाज अहमद को एक-एक विकेट मिला।
ईस्ट जोन ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रनों से हराकर ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में उनका सामना सेंट्रल जोन से 30 अगस्त से होगा। ये मुकाबला भी सीओई में खेला जाएगा।
