WPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स की नजरें लगातार चौथे फाइनल पर
दिल्ली कैपिटल्स महिला प्रीमियर लीग एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स से भिड़ेगी। लगातार तीन बार उपविजेता रही दिल्ली चौथी बार फाइनल में पहुंचने का लक्ष्य रख ...और पढ़ें

दिल्ली कैपिटल्स महिला क्रिकेट टीम
HighLights
दिल्ली कैपिटल्स चौथी बार फाइनल में पहुंचने का लक्ष्य।
गुजरात जायंट्स पहली बार प्लेऑफ में, जीत की हैट्रिक।
नंदिनी शर्मा और सोफी डिवाइन पर रहेंगी सबकी निगाहें।
पीटीआई, वडोदरा। लगातार तीन बार उपविजेता रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के एलिमिनेटर मुकाबले में मंगलवार को पहली बार प्लेआफ में पहुंची गुजरात जायंट्स से भिड़ेगी। ऐसे में कैपिटल्स की कोशिश चौथी बार फाइनल में पहुंचने की होगी, वहीं गुजरात जायंट्स पहली बार इस मुकाम को हासिल करना चाहेगी।
डब्ल्यूपीएल के छोटे से इतिहास में सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीमों में शामिल दिल्ली कैपिटल्स सभी चार सत्रों में प्लेआफ के लिए क्वालीफाई करने वाली एकमात्र टीम है। हालांकि मौजूदा सत्र में दिल्ली का अभियान उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने अब तक चार मैच जीते हैं और उसे इतने में हार का सामना करना पड़ा है।
नंदिनी शर्मा की बेहतरीन गेंदबाजी
दिल्ली की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने मौजूदा सत्र में 14 विकेट लेकर काफी प्रभावित किया है। उन्हें स्पिनर श्री चरणी (14 विकेट) का अच्छा साथ मिला है। वहीं बल्लेबाजी में लौरा वोल्वार्ट (241 रन) और लिजेल ली (240 रन) ने शीर्ष क्रम में मजबूती प्रदान की है। इधर गुजरात जायंट्स की टीम भी एलिमिनेटर में जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ उतरेगी।
गुजरात की जीत की हैट्रिक
गुजरात ने लगातार तीन मैचों की हार के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत की हैट्रिक लगाई है। लीग चरण के दोनों मुकाबलों में दिल्ली कैपिटल्स को हराने से भी गुजरात को आत्मविश्वास मिलेगा। न्यूजीलैंड की अनुभवी खिलाड़ी सोफी डिवाइन गुजरात के लिए इस टूर्नामेंट की सबसे शानदार खिलाड़ी रही हैं। वह आठ मैचों में 17 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने इसके साथ ही दो अर्धशतक की मदद से 237 रन भी बनाए हैं।