Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 23, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    CSK vs MI: नूर अहमद की फिरकी, गायकवाड़-रचिन की तूफानी पारियों ने मुंबई को धोया, चेन्नई ने किया सीजन का विजयी आगाज

    Updated: Sun, 23 Mar 2025 11:07 PM (GMT+05:30)

    मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल-2025 की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अधिकतर मौकों पर मुंबई की टीम आईपीएल का पहला मैच हारती आई है और इस बार भी यही हुआ। उसे चेन्न ...और पढ़ें

    नूर अहमद और ऋतुराज गायकवाड़ ने दिखाया दम (Pic Credit - IPL)
    नूर अहमद और ऋतुराज गायकवाड़ ने दिखाया दम (Pic Credit - IPL)

    HighLights

    1. CSK vs MI: चेन्नई ने की आईपीएल-2025 की विजयी शुरुआत
    2. CSK vs MI: पहले मैच में मुंबई को दी मात
    3. CSK vs MI: चेन्नई की जीत में चमके नूर अहमद और खलील अहमद

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। नूर अहमद की फिरकी और फिर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र के दमदार प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल-2025 का आगाज जीत के साथ किया। रविवार को खेले गए डबल हैडर के दूसरे मैच में चेन्नई ने अपने घर चेपॉक में मुंबई इंडियंस को चार विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी थी। चेन्नई ने ये लक्ष्य 19.1 ओवरों में हासिल कर लिया।

    आईपीएल में चेन्नई के लिए अपना पहला मैच खेल रहे नूर अहमद के सामने मुंबई के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। नूर ने चार ओवरों में सिर्फ 18 रन दिए और चार विकेट हासिल किए। उनके अलावा खलील अहमद ने तीन शिकार अपने नाम किए। चेन्नई के लिए रचिन रवींद्र ने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली। गायकवाड़ ने 26 गेंदों पर 53 रन बनाए। उन्होंने छह चौके और तीन छक्के मारे। 

    यह भी पढ़ें- Noor Ahmad: जिसके लिए चेन्‍नई ने लड़ी गुजरात से लड़ाई, उसने पहले ही मैच में मचाई तबाही; मुंबई के खिलाफ रचा इतिहास

    चेन्नई का दांव खेल

    चेन्नई ने इस मैच में खलील अहमद को बाहर कर राहुल त्रिपाठी को इम्पैक्ट प्लेयर चुना। वह ऋतुराज गायकवाड़ की जगह रचिन रवींद्र के साथ ओपनिंग करने आए, लेकिन कमाल नहीं कर सके। दूसरे ओवर में दीपक चाहर ने उनको पवेलियन भेज दिया। उन्होंने दो रन ही बनाए। हालांकि, रचिन रवींद्र और कप्तान गायकवाड़ ने फिर मोर्चा संभाला और मुंबई के गेंदबाजों पर प्रहार किए। छह ओवर खत्म होने तक इन दोनों ने बोर्ड पर 62 रन जोड़ दिए थे और अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली थी।

    कप्तान का पचास

    गायकवाड़ ज्यादा आक्रामक नजर आए और उन्होंने 22 गेंदों पर अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। ये उनका आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक है। लग रहा था कि रचिन रवींद्र के साथ कप्तान टीम को जीत दिलाकर लौटेंगे। लेकिन तभी विग्नेश पुथुर ने उनकी पारी का अंत कर दिया।

    खबरें और भी

    चमक गिए विग्नेश

    विग्नेश को रोहित शर्मा की जगह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर चुना गया था और इस गेंदबाज ने चेन्नई की राह को मुश्किल कर दी। गायकवाड़ के बाद उन्होंने शिवम दुबे को पवेलियन की राह दिखाई। वह नौ रन ही बना सके। दीपक हुड्डा भी विग्नेश की फिरकी में फंस गए और तीन रन बनाकर आउट हो गए। सैम करन चेन्नई में वापसी कर रहे थे और उम्मीद थी कि वह बल्ले से कमाल करेंगे, लेकिन विल जैक्स की गेंद पर गलत शॉट खेल वह बोल्ड हो गए।

    रचिन ने की कसर पूरी

    चेन्नई की पूरी उम्मीदें अब रचिन रवींद्र पर टिकी थीं और बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने टीम को निराश नहीं किया। उन्होंने 18वें ओवर में विग्नेश पर दो शानदार छक्के मार अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को भी जीत के पास ले गए। रचिन ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर छक्का मार टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 45 गेंदों पर नाबाद 65 रनों की पारी खेली जिसमें चार छक्के और दो चौके मारे। 

    रोहित शर्मा फेल

    चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में शानदार पारी खेलने वाले रोहित शर्मा आईपीएल की अच्छी शुरुआत नहीं कर सके। उनको खलील अहमद ने पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। वह खाता तक नहीं खोल पाए। खलील ने ही आईपीएल डेब्यू कर रहे साउथ अफ्रीका के रियान रिकलटेन को तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर बोल्ड कर मुंबई को दूसरा झटका दिया। उन्होंने 13 रन बनाए। नौ साल बाद चेन्नई की पीली जर्सी में लौटे रविचंद्रन अश्विन ने अपने पहले ही ओवर में विल जैक्स को चलता कर मुंबई का स्कोर 36 रनों पर तीन विकेट कर दिया।

    सूर्यकुमार-तिलक ने लगाया जोर

    तीन विकेट गिरने के बाद मुंबई के दो स्टार बल्लेबाज मैदान पर थे। इस मैच में टीम की कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार यादव के साथ तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और 51 रनों की साझेदारी की। यहां फिर नूर अहमद ने अपनी फिरकी का जोर दिखाया और 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर सूर्यकुमार को आउट कर दिया। सूर्या 29 रन बनाकर आउट हो गए। अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे रोबिन मिंज भी जल्दी आउट हो गए। उन्हें भी नूर ने अपना शिकार बनाया।

    तिलक को भी नूर ने आउट कर मुंबई के बड़े स्कोर की उम्मीदों को खत्म कर दिया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 25 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। नमन धीर भी तेजी से रन बनाने की फिराक में नूर का शिकार बने। उन्होंने 17 रन बनाए।

    अंत में मिचेल सैंटनर ने 11, ट्रेंट बोल्ट एक रन बनाकर आउट हो गए। दीपक चाहर 15 गेंदों पर 28 रन बनाकर नाबाद रहे।

    यह भी पढ़ें- CSK vs MI: कौन हैं Vignesh Puthur ? जिसने चेन्नई के खेमे में मचाई खलबली; आईपीएल के डेब्यू मैच में दिखाया जलवा