यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 28, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
IPL Auction में अनसोल्ड रहे Shardul Thakur ने आखिरकार तोड़ी चुप्पी, बोले- 'मेरा बुरा दिन, लेकिन...'
शार्दुल ठाकुर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए। ठाकुर आईपीएल 2025 मेगा नीलामी में अनसोल्ड रहे थे। उन्हें लखनऊ ...और पढ़ें

HighLights
- शार्दुल ठाकुर ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चार विकेट लिए
- शार्दुल ठाकुर ने कुल 6 विकेट हासिल कर पर्पल कैप पहनी
- शार्दुल ठाकुर ने अनसोल्ड रहने पर आखिरकार चुप्पी तोड़ी
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शार्दुल ठाकुर की आईपीएल 2025 में वापसी किसी सपने की तरह रही। आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में मुंबई के ऑलराउंडर को कोई खरीदार नहीं मिला। फिर उनकी किस्मत चमकी और मोहसिन खान के विकल्प के रूप में लखनऊ सुपरजायंट्स ने शार्दुल ठाकुर को अपने साथ जोड़ा।
'लॉर्ड' के नाम से मशहूर शार्दुल ठाकुर ने आईपीएल 2025 में अपनी उपयोगिता बखूबी साबित भी की। उन्होंने केवल दो मैचों में कुल छह विकेट चटकाए और पर्पल कैप हासिल की। मध्यम तेज गति के गेंदबाज ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों पर अपनी गेंदबाजी का कहर बरपाया।
33 साल के शार्दुल ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनके होमग्राउंड (राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम) पर शानदार गेंदबाजी करते 4 ओवर में 34 रन देकर चार विकेट झटके। ठाकुर ने अभिषेक शर्मा (6), ईशान किशन (0), अभिनव मनोहर (2) और मोहम्मद शमी (1) के शिकार किए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह भी पढ़ें: IPL 2025: ऑक्शन में अनसोल्ड रहे, जहीर खान की एक कॉल से LSG में मिला मौका; Shardul Thakur ने लगाया 'चौका'
लखनऊ की आसान जीत
शार्दुल ठाकुर की शानदार गेंदबाजी के बाद निकोलस पूरन (70) व मिचेल मार्श (52) की उम्दा पारियों की मदद से लखनऊ सुपरजायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 23 गेंदें शेष रहते पांच विकेट से मात दी। इसी के साथ ऋषभ पंत के नेतृत्व में लखनऊ सुपरजायंट्स ने अपनी जीत का खाता खोला।
खबरें और भी
शार्दुल ठाकुर ने क्या कहा
शार्दुल ठाकुर ने पारी के ब्रेक के दौरान अपने अनसोल्ड रहने पर प्रसारणकर्ता से खुलकर बातचीत की। चलिए बताते हैं कि उन्होंने क्या कहा।
मेरा मानना है कि क्रिकेट में ये सब होता है। नीलामी वाला दिन मेरे लिए बुरा था कि कोई खरीदार नहीं मिला। एलएसजी ने अपने गेंदबाजों के चोटिल होने के कारण मुझसे संपर्क किया। तो हमेशा से बात थी कि मुझे मौका मिल सकता है। फिर जहीर खान थे। आप क्रिकेट में उतार-चढ़ाव देखते हैं। मेरे लिए जीत जरूरी है। मैं विकेट और रन कॉलम नहीं देखता।
मैं प्रभाव और मैच विनिंग प्रदर्शन करने पर विश्वास रखता हूं। बल्लेबाज हमेशा गेंदबाज पर हावी होने की कोशिश करते हैं। तो गेंदबाज क्यों नहीं बल्लेबाजों पर हावी हो। हैदराबाद के खिलाफ यही हमारी योजना थी। वो सपाट पिचों पर खूब रन बना रहे थे। शुरूआत में हमारी जेब पर उनके रन भारी पड़ रहे थे।
प्वाइंट्स टेबल का हाल
लखनऊ सुपरजायंट्स ने धमाकेदार जीत दर्ज करके प्वाइंट्स टेबल में जबरदस्त छलांग लगाई है। ऋषभ पंत के नेतृत्व वाली एलएसजी दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु शीर्ष स्थान पर काबिज है। सनराइजर्स हैदराबाद छठे स्थान पर खिसक गई है।
संक्षिप्त स्कोर:
सनराइजर्स हैदराबाद - 20 ओवर में 190/9।
लखनऊ सुपरजायंट्स - 16.1 ओवर में 193/5
यह भी पढ़ें: SRH vs LSG: शार्दुल ठाकुर के 4 विकेट, पूरन-मार्श की तूफानी पारी; लखनऊ ने हैदराबाद को घर में घुसकर रौंदा