यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारत से दुश्मनी पाकिस्तान को पड़ रही भारी, इस देश ने ठुकराई PCB की गुजारिश, PSL को लगा झटका
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान सुपर लीग को बीच में ही रोक दिया था और उसकी कोशिश थी कि वह ...और पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान को भारत पर हमला करना भारी पड़ता दिख रहा है। वैश्विक स्तर पर उसकी जमकर आलोचना हो रही है। आतंकवाद समर्थक के तौर पर ये देश चारों तरफ से घिर गया है और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भी इसकी सजा मिल रही है। पीसीबी ने अपनी पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के बाकी बचे मैच दूसरे देश में कराने की मंशा जताई थी जिसमें इसे निराशा हाथ लगती दिख रही है।
पीसीबी की कोशिश थी कि वह पीएसएल के बाकी बचे मैच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कराए, लेकिन उसकी इस ख्वाहिश पर पानी फिरता दिख रहा है क्योंकि अमिरात क्रिकेट बोर्ड उसकी इस अपील को खारिज कर सकता है। इसका कारण भारत और पाकिस्तान के बीच पनपे युद्ध जैसे हालात हैं।
यह भी पढे़ं-IPL 2025 Suspended: 7 दिन बाद शुरू होगा आईपीएल, सात टीमों के बीच प्लेऑफ की जंग; 3 रेस से बाहर
पीसीबी को लगेगा झटका
समाचार एजेंसी पीटीआई ने इस बात की जानकारी दी है कि यूएई पीसीबी की पीएसएल मैच अपने यहां कराने की अपील को खारिज कर सकता है। पीटीआई ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि ईसीबी ने इस तरह के संकेत दिए हैं कि बोर्ड पीसीबी की अपील को खारिज कर सकता है। हालांकि, पीसीबी ने पहले ही ये ऐलान कर दिया है कि पीएसएल के बाकी बचे मैच यूएई में होंगे, लेकिन उसे झटका लगता दिख रहा है।
सूत्रों ने इसके पीछे सुरक्षा का हवाला दिया है जो इस समय भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के कारण खतरे में दिख रही है। सूत्र ने बताया, "अमिरात क्रिकेट बोर्ड के बीसीसीआई के साथ मजबूत संबंध हैं। बोर्ड ने बीते कुछ सालों में भारत के हिस्से आए टी20 वर्ल्ड कप-2021 की मेजबानी की थी। इसके अलावा आईपीएल के कुछ संस्करण और चैंपियंस ट्रॉफी-2025 के भारत के मैचों का आयोजन किया था। यूएई में साउथ एशिया की काफी जनसंख्या है। इस तनावपूर्ण माहौल में पीएसएल जैसे टूर्नामेंट की मेजबानी करना सौहार्द को बिगाड़ सकता है। इससे सुरक्षा का खतरा भी है जो समुदायों में गैरजरूरी तनाव पैदा कर सकता है।"
पीसीबी ने किया एलान
पीसीबी ने शुक्रवार सुबह बताया था कि पीएसएल-2025 के बचे बाकी आठ मैचों का आयोजन यूएई में किया जाएगा। ये मैच रावलपिंडी, मुल्तान और लाहौर में होने थे। पीसीबी ने साथ ही कहा था कि इन मैचों की तारीखें और वेन्यू के बारे में वह जल्द ही एलान करेगा। पीसीबी ने गुरुवार को पेशावर जल्मी और कराची किंग्स के बीच रावलपिंडी में होने वाले मैच को रद्द कर दिया था।