IND U19 vs UAE U19: सहवाग के शतक के आगे यूएई ने टेके घुटने, भारत ने 70 रन से जीता मैच; सेमीफाइनल में बनाई जगह
भारतीय टीम ने यूएई को 70 रन से हराकर एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। आर्यवीर सहवाग ने भारत को आसान जीत दिलाई।

भारत ने यूएई को 70 रन से हराया
HighLights
भारत ने 70 रन से जीता मैच
आर्यवीर सहवाग का शतक
भारत सेमीफाइनल में पहुंचा
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आर्यवीर सहवाग के दम पर भारतीय टीम ने यूनाईटेड अरब अमीरात (UAE) को मंगलवार को एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप के ग्रुप ए के मुकाबले में 70 रनों से करारी शिकस्त दी है। सहवाग के दमदार शतकीय पारी की वजह से भारत ने यूएई को 310 रनों का लक्ष्य दिया था, जवाब में यूएई सिर्फ 239 रन पर सिमट गया और मैच गंवा दिया।
यूएई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, जो उसे भारी पड़ गया। सहवाग ने 168 गेंदों में 160 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 17 चौके और सात छक्के लगाए।
वहीं वीके विनीथ ने तीन चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 69 गेंदों में 67 रन बनाए, जिसकी वजह से भारतीय टीम ने 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 309 रन बना दिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की तरफ से अहमद खुदादाद ने 74 गेंदों में 74 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। मगर वो अपनी टीम को जिताने में नाकायमाब रहे। भारत ने इस जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामन अफगानिस्तान से होगा।
आर्यवीर सहवाग का शानदार शतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरूआत की थी। पहले विकेट के लिए सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 62 रन जोड़े। हालांकि लक्ष्य सिर्फ 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद वीके विनीथ और सहवाग के बीच 193 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी हुई। दोनों के बीच इस शानदार साझेदारी की वजह से भारत ने 50 ओवर में 300 का आंकड़ा पार किया। सहवाग ने इस दौरान शानदार शतकीय पारी खेली और विनीथ ने अर्धशतक जड़ा। यूएई की ओर से सबसे ज्यादा चार विकेट नसीम खान ने लिए।
ईशान सूद का चौका
विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई नियमित अंतराल पर विकेट गंवाता रहा। उसने 141 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद
एहमद खुदादाद और नूरुअल्लाह अयोबी के बीच 52 गेंदों में 90 रनों की साझेदारी हुई।
हालांकि, इन दोनों की साझेदारी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रही। यूएई की पूरी टीम 50 ओवर खेलकर 239 रन पर सिमट गई। भारत के सातों गेंदबाजों को विकेट मिले। वहीं ईशान सूद ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। बाकी छह गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिले। भारत इस जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंच गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।