DC vs PBKS: दिल्ली के खिलाड़ियों ने ही डुबोई टीम की लुटिया, पंजाब ने किया ऐतिहासिक रन चेज
आईपीएल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की खराब फील्डिंग के कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा। पंजाब किंग्स ने 265 रनों का विशाल लक्ष्य 18.5 ओवर में हासिल ...और पढ़ें

श्रेयस अय्यर
HighLights
दिल्ली की खराब फील्डिंग बनी हार का मुख्य कारण
पंजाब किंग्स ने 265 रनों का ऐतिहासिक लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया
श्रेयस अय्यर और प्रभसिमरन सिंह की आक्रामक पारियों ने जीत दिलाई
लोकेश शर्मा, जागरण नई दिल्ली। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल मुकाबले में दिल्ली की हार का सबसे बड़ा कारण खराब फील्डिंग साबित हुई, जहां श्रेयस अय्यर के करुण नायर को दो आसान कैच छोड़ना टीम को भारी पड़ गया। लगातार दो ओवर में मिले जीवनदान ने अय्यर को संभलने का मौका दिया और उन्होंने मैच तेज पारी खेलते हुए 265 रनों का लक्ष्य केवल 18.5 ओवर में ही समाप्त कर दिया।
मैच के 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर करुण नायर ने विप्रज निगम की गेंद पर अय्यर का अहम कैच टपका दिया। उस समय अय्यर 28 रन पर खेल रहे थे। इसके अगले ही ओवर में कुलदीप यादव की गेंद पर नायर ने एक और मौका गंवा दिया। इन दो गलतियों का सीधा फायदा उठाते हुए अय्यर ने आक्रामक बल्लेबाजी की और दिल्ली की वापसी की उम्मीदों को झटका दिया।
लुंगी एनगिडी ने भी छोड़ा कैच
दिल्ली की फील्डिंग यहीं नहीं रुकी। लुंगी एनगिडी ने भी इससे पहले प्रियांश आर्या का कैच छोड़ा, जिसके बाद बल्लेबाजों ने शतकीय साझेदारी कर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली। इससे पहले पहली पारी के पहले ही ओवर में केएल राहुल का 12 रन पर पंजाब के शशांक सिंह ने भी कैच छोड़ा था। जिसके बाद उन्होंने भी तेज शतकीय पारी खेली। वहीं युजवेंद्र चहल ने भी केएल राहुल का दूसरा कैच छोड़ा।
पंजाब के पावरप्ले में बने 116 रन
पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पावरप्ले में ही मैच की दिशा तय कर दी। 265 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने पहले 6 ओवरों में बिना विकेट गंवाए 116 रन ठोक दिए, जो इंडियन प्रीमियर लीग इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। इस दौरान प्रभसिमरन सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बनाया। तेज शुरुआत ने दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण को बैकफुट पर धकेल दिया और पंजाब को मजबूत बढ़त दिला दी, जिससे मुकाबला पूरी तरह रोमांचक बन गया।
खबरें और भी
केएल राहुल ने रचा इतिहास
इससे पहले केएल राहुल ने बल्लेबाजी का ऐसा नजारा पेश किया, जिसने आईपीएल इतिहास के सबसे प्रदर्शनाें में जगह बनाई। राहुल ने 67 गेंदों में 152 रन की विस्फोटक पारी खेली। राहुल की यह पारी सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें क्लासिकल शॉट्स और आक्रामकता का अद्भुत संतुलन देखने को मिला। उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और पूरे 20 ओवर के दौरान 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट बनाए रखी। इस पारी के साथ राहुल आईपीएल में 150+ स्कोर बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए, उनसे पहले क्रिस गेल और ब्रेडंन मैकुलम (158) ही इस मुकाम तक पहुंचे थे।
पारी की शुरुआत से ही राहुल का इरादा साफ था। उन्होंने दूसरे ओवर में लगातार दो चौके लगाकर पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। हालांकि पंजाब किंग्स को शुरुआती सफलता जरूर मिली, लेकिन इसके बाद राहुल ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया। इस दौरान नीतीश राणा ने भी उनका शानदार साथ निभाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 220 रन की जबरदस्त साझेदारी हुई, जो आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने 229 रन जोड़े थे।
राहुल को मिला जीवनदान
राहुल को 18 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया। इसके बाद उन्होंने किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। 16वें ओवर में विजयकुमार वैशाख के खिलाफ उन्होंने तीन छक्के और एक चौका जड़कर उनकी लय बिगाड़ दी। वहीं, नीतीश राणा ने 44 गेंदों में 91 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 11 चौके और चार छक्के शामिल रहे।
उन्होंने 12वें ओवर में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज जेवियर बार्टलेट के खिलाफ 28 रन बटोरे। दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में कुल 29 चौके और 13 छक्के लगाए, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का सबूत है। पावरप्ले में टीम ने 68 रन बनाए और मिडिल ओवर्स में 145 रन जोड़कर पंजाब के गेंदबाजों की पूरी तरह धज्जियां उड़ा दीं।
पंजाब किंग्स की मुकाबले में जीत
दिल्ली के 265 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने इसे 18.5 ओवरों में हासिल कर लिया। पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने 26 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेली। उनके अलावा प्रियांश आर्या ने 17 गेंदों पर 43 रन बनाए। उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेली और नाबाद 71 रन बनाए। इसी के साथ पंजाब ने मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम कर लिया।