विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Duleep Trophy 2026: नॉर्थ जोन ने रोमांचक मुकाबले में हासिल की जीत, ऋतुराज गायकवाड़ की टीम सेमीफाइनल में नहीं बना सकी जगह

Updated: Wed, 26 Aug 2026 06:10 PM (IST)

उत्तर क्षेत्र ने दलीप ट्रॉफी के रोमांचक मुकाबले में पश्चिम क्षेत्र को 52 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। ...और पढ़ें

दलीप ट्रॉफी 2026

दलीप ट्रॉफी 2026

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, बेंगलुरु। बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक और निशांत सिंधू ने पश्चिम क्षेत्र के निचले क्रम के बल्लेबाजों को चौथे दिन सुबह 6.3 ओवरों में ही पवेलियन भेज दिया, जिससे उत्तर क्षेत्र ने 52 रन से जीत हासिल करके दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका मुकाबला दक्षिण क्षेत्र से होगा।

पश्चिम क्षेत्र ने टर्न ले रही पिच पर 287 के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम दिन की शुरुआत सात विकेट पर 220 रन से की लेकिन उसकी टीम 234 रन पर सिमट गई।

निशांत सिंधु ने लिए दो विकेट

उर्विल पटेल (25) और भरोसेमंद तनुष कोटियन (00) ने पश्चिम क्षेत्र की पारी आगे बढ़ाई। मुश्ताक (22 ओवर में सात रन लेकर चार विकेट) ने जल्दी ही कोटियन को आउट कर दिया और उसके बाद तुषार देशपांडे (05) का विकेट भी लिया। इसके बाद सिंधु ने उर्विल को आउट करके मैच का अंत किया।

आबिद मुश्ताक ने लिए 9 विकेट

मुश्ताक ने मैच में 99 रन देकर नौ विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच का निर्णायक मोड़ निश्चित रूप से पश्चिम क्षेत्र के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (70 गेंदों पर 66 रन) का रन आउट होना रहा, जिन्होंने मुशीर खान (96) के साथ 111 रन की साझेदारी की थी। उस समय पश्चिम क्षेत्र का स्कोर तीन विकेट पर 195 रन था और वह अच्छी स्थिति में दिख रहा था।

ऋतुराज गायकवाड़ की टीम हुई बाहर

इसके बाद पश्चिम क्षेत्र ने गायकवाड़ और मुशीर सहित चार विकेट सात ओवर से भी कम समय में 25 रन जोड़कर गंवा दिए। उत्तर क्षेत्र ने इसके बाद शिकंजा कस दिया और आसान जीत हासिल की। उत्तर क्षेत्र ने अपनी पहली पारी में 251 रन बनाए थे जिसके जवाब में पश्चिम क्षेत्र की टीम 187 रन पर आउट हो गई थी। उत्तर क्षेत्र ने अपनी दूसरी पारी में 222 रन बनाए। सेमीफाइनल 30 अगस्त से खेले जाएंगे जिसमें उत्तर क्षेत्र का सामना दक्षिण क्षेत्र से जबकि पूर्वी क्षेत्र का सामना मध्य क्षेत्र से होगा।

यह भी पढ़ें- IND vs SL: पसिंदु-कमिंदु ने कोलंबो टेस्ट में कराई श्रीलंका की वापसी, क्या फॉलोऑन देना कप्तान शुभमन गिल को पड़ेगा भारी?

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान महिला टीम को झटका, 3 टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली गेंदबाज Aiman Anwer ने क्रिकेट को कहा अलविदा