विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ETPL को मिला अपना पहला चैंपियन, ग्‍लेन मैक्‍सवेल की टीम को फाइनल में मिली करारी शिकस्‍त; एंड्रेस गौस ने लूटी महफिल

Published: Mon, 21 Sep 2026 09:30 AM (IST)

एंड्रेस गौस (90*) की उम्‍दा पारी के दम पर एडिनबर्ग कासल रॉकर्स यूरोपीयन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) का पहला चैंपियन ...और पढ़ें

HighLights

  1. एडिनबर्ग कासल रॉकर्स ईटीपीएल का पहला चैंपियन बना

  2. एडिनबर्ग कासल रॉकर्स ने फाइनल में बेलफास्‍ट को धोया

  3. एंड्रेस गौस एडिनबर्ग कासल रॉकर्स की जीत के हीरो बने

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। मिचेल सैंटनर के नेतृत्‍व वाली एडिनबर्ग कासल रॉकर्स ने इतिहास रच दिया। एडिनबर्ग यूरोपीयन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) का पहला चैंपियन बना। एडिनबर्ग ने फाइनल में ग्‍लेन मैक्‍सवेल के नेतृत्‍व वाली बेलफास्‍ट वोल्‍व्‍स को 8 गेंदें शेष रहते 7 विकेट से मात दी।

डबलिन में खेले गए फाइनल में बेलफास्‍ट वोल्‍व्‍स (Belfast Wolves) ने पहले बल्‍लेबाजी का निमंत्रण स्‍वीकार किया और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 150 रन बनाए। जवाब में एड‍िनबर्ग कासल रॉकर्स ने 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्‍य हासिल किया।

एडिनबर्ग कासल रॉकर्स (Edinburgh Castle Rockers) की जीत के हीरो एंड्रेस गौस रहे, जिन्‍होंने 61 गेंदों में 8 चौके और चार छक्‍के की मदद से नाबाद 90 रन बनाए। रॉटरडैम डॉकर्स के कप्‍तान फाफ डु प्‍लेसिस प्‍लेयर ऑफ द सीरीज रहे, जिन्‍होंने टूर्नामेंट में 449 रन बनाए।

गौस ने लूट ली महफिल

151 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी एडिनबर्ग कासल रॉकर्स को रॉस एडेर (23) और जेजे स्‍मट्स (15) ने 26 रन की साझेदारी की। मार्क एडेर ने रॉस को विकेटकीपर टकर के हाथों कैच आउट कराकर बेलफास्‍ट को पहली सफलता दिलाई।
फिर गौस और स्‍मट्स ने दूसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। गौस ने आते ही आक्रामक रुख अपनाया जबकि स्‍मट्स बस दर्शक बनकर खड़े रहे।

हंफ्री ने स्‍मट्स को बोल्‍ड करके इस साझेदारी पर ब्रेक लगाया। इसके बाद गौस ने ब्रेंडन मैकमुलन (17) के साथ तीसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। होई ने मैकमुलन का कैच अपनी ही गेंद पर पकड़कर एडिनबर्ग को तीसरा झटका दिया।

कप्‍तान मिचेल सैंटनर गौस का साथ निभाने आए और एडिनबर्ग ने आसानी से खिताब अपने नाम किया। बेलफास्‍ट की तरफ से मार्क एडेर, मैथ्‍यू हंफ्री और गेविन होई को एक-एक विकेट मिला।

ग्‍लेन मैक्‍सवेल का फ्लॉप प्रदर्शन

याद दिला दें कि एडिनबर्ग कासल रॉकर्स के कप्‍तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। कीवी पेसर ट्रेंट बोल्‍ट ने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर पॉल स्‍टर्लिंग (8) को जार्विस के हाथों कैच आउट कराकर बेलफास्‍ट को पहला झटका दिया।

यहां से टिम टेक्‍टर (84) और डेवोन कॉनवे (29) ने दूसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी करके स्थिति मजबूत की। स्‍मट्स ने कॉनवे को डेलानी के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। कप्‍तान ग्‍लेन मैक्‍सवेल (3) कुछ खास नहीं कर सके और वॉट की गेंद पर बोल्‍ड होकर डगआउट लौट गए।

स्‍कोर 100 पार पहुंचा कि बोल्‍ट ने लॉर्कन टकर (6) को अपना दूसरा शिकार बनाया। टेक्‍टर आउट होने वाले आखिरी बल्‍लेबाज रहे, जिन्‍हें पारी की आखिरी गेंद पर टॉम करन ने बोल्‍ड किया। टेक्‍टर ने 62 गेंदों में 9 चौके और दो छक्‍के की मदद से 84 रन बनाए। एडिनबर्ग की तरफ से ट्रेंट बोल्‍ट ने सबसे ज्‍यादा दो विकेट झटके। टॉम करन, मार्क वॉट और जेजे स्‍मट्स के खाते में एक-एक विकेट आया।

यह भी पढ़ें- 41 साल की उम्र में भी शेर की तरह दहाड़ रहे फाफ डु प्लेसिस, टी20 क्रिकेट में बना डाला 'महा-रिकॉर्ड'

यह भी पढ़ें- 'हर कहानी के विलेन...', फाफ डु प्लेसिस का हेड कोच Gautam Gambhir को लेकर चौंकाने वाला बयान