IND A vs AFG A: 'करो या मरो' मुकाबले में इंडिया-ए ने दिखाया जलवा, अफगानिस्तान को मात देकर फाइनल में बनाई जगह
इंडिया-ए ने अपने शानदार खेल के दम पर अफगानिस्तान-ए को मात देकर ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम रखी हैं। ...और पढ़ें
-1781699171058_m.webp)
HighLights
इंडिया-ए ने अफगानिस्तान-ए को दी मात
इंडिया-ए ने जिंदा रखीं फाइनल की उम्मीद
वैभव सूर्यवंशी का बल्ला रहा खामोश
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बल्लेबाजों के संयुक्त प्रदर्शन के बाद गेंदबाजों के दम पर इंडिया-ए ने बुधवार को अफगानिस्तान-ए को 101 रनों से मात देकर ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंचने की उम्मीद कायम रखी है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया-ए ने 50 ओवरों में नौ विकेट खोकर 319 रन बनाए थे। वहीं अफगानिस्तान-ए की टीम 36.5 ओवरों में 218 रनों पर ही ढेर हो गई। भारत को फाइनल में जाने के लिए अफगानिस्तान को 236 रनों पर रोकने की जरूरत थी और उसने 218 रनों पर ही रोक लिया।
शुरुआत रही बेकार
अफगानिस्तान-ए के सामने चुनौती कम नहीं थी और इस 320 रनों के टारगेट को हासिल करने के लिए उसे अच्छी शुरुआत की जरूरत थी जो उसे मिली नहीं हसन इसाखी को यश ठाकुर ने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर आउट कर दिया। वह 14 रन ही बना सके। यहां से अफगानिस्तान की टीम लगातार विकेट खोती रही।
उसने 70 रनों पर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे। फिर फैसल शिनजोदा बारिस शाह ने कुछ देर तक मैदान पर पैर टिकाए। 157 के कुल स्कोर पर अनुकूल रॉय ने शिनजोदा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। उन्होंने 56 गेंदों पर 46 रनों की पारी खेली। उनके आउट होने के कुछ देर बाद बारिस शाह भी आउट हो गए। उन्होंने 52 गेंदों पर 57 रन बनाए जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल रहा।
इन दोनों के आउट होने के बाद तो अफगानिस्तान के विकेट गिरने का सिलसिला चलता रहा और निशांत सिंधू ने 37वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अफगानिस्तान-ए का आखिरी विकेट गिरा दिया।
भारतीय बल्लेबाजों का जलवा
इससे पहले, भारतीय बल्लेबाजों ने दमदार खेल दिखाया और टीम को मजबूत स्कोर दिया। टीम के लिए सबसे ज्यादा 59 रन कप्तान तिलक वर्मा ने बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 75 गेंदों का सामना कर पांच चौके मारे। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने 42 गेंदों पर नौ चौके और एक छक्के की मदद से 58 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा कुमार कुशाग्र ने 67 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 58 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी इस मैच में अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। उन्होंने 28 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की सहायता से 38 रन बनाए।