IND vs NZ 2nd ODI: केएल राहुल के शतक पर डैरिल मिचेल ने फेरा पानी, न्यूजीलैंड ने जीत के साथ सीरीज में की वापसी
भारत ने सात विकेट पर 284 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड टीम ने डैरिल मिचेल के शतक की बदौलत 47.3 ओवर में टारगेट चेज कर 7 विकेट से मुकाबला ...और पढ़ें

भारत को मिली हार।
HighLights
राजकोट की धीमी पिच पर राहुल ने संभाला मोर्चा
दूसरे वनडे में भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 285 रन का लक्ष्य
केएल ने वनडे में जड़ा अपना आठवां शतक
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम की धीमी और मुश्किल पिच पर भारत की पारी को संभालते हुए केएल राहुल ने नाबाद शतक जमाया और न्यूजीलैंड के विरुद्ध दूसरे वनडे में भारतीय टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। राहुल ने 92 गेंदों पर नाबाद 112 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल थे।
उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने सात विकेट पर 284 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड टीम ने डैरिल मिचेल के शतक की बदौलत 47.3 ओवर में टारगेट चेज कर 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। अब 3 मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है। सीरीज का निर्णायक मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
मिडिल ऑर्डर में लगे बड़े झटके
विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के सस्ते में आउट होने के बाद राहुल को बल्लेबाजी में प्रमोट किया गया। पिछले मैच में 6 नंबर पर उतरे राहुल को आज नंबर 5 पर भेजा गया। उन्होंने लोअर ऑर्डर के साथ मिलकर अहम पार्टनरशिप की। एक समय भारत का स्कोर एक विकेट पर 99 रन से चार विकेट पर 118 रन हो गया था। पिच की धीमी गति और उछाल की कमी के कारण बल्लेबाजों को रन बनाने में काफी परेशानी हो रही थी।
न्यूजीलैंड के विरुद्ध शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर
राहुल की यह पारी तकनीक, धैर्य और जज्बे का शानदार उदाहरण थी। मुश्किल हालात में उन्होंने जिम्मेदारी संभाली और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों से मैच की पकड़ छीन ली। भारत की यह पारी टीम के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली रही, खासकर ऐसे समय में जब शीर्ष क्रम उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया।
खबरें और भी
राहुल ने 49वें ओवर की अंतिम गेंद पर छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया और इसके साथ ही वह न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे में शतक लगाने वाले भारत के पहले विकेटकीपर भी बन गए। इसके अलावा वह राजकोट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए।
शुभमन गिल ने लगाया अर्धशतक
राहुल के अलावा कप्तान शुभमन गिल की पारी भी टीम के लिए सकारात्मक रही। कप्तान शुभमन गिल ने भी जिम्मेदारी निभाते हुए 53 गेंदों पर 56 रन बनाए। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक था। गिल ने पिच की परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढाला और नौ चौकों तथा एक छक्के की मदद से पारी को गति दी। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से शुरुआत में दबाव बनाया।
रोहित फिर पैर जमाने के बाद आउट
रोहित शर्मा को खाता खोलने में 11 गेंदें लगीं। उन्होंने 24 रन बनाए, जिसमें कवर के ऊपर से लगाया गया शानदार ड्राइव आकर्षण का केंद्र रहा। हालांकि, लगातार दूसरे मैच में वह बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। इस बार क्रिस्टियन क्लार्क की गेंद पर डीप कवर पर आसान कैच दे बैठे।
शुभमन गिल अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन काइल जैमीसन की धीमी और छोटी गेंद को गलत समझ बैठे। उन्होंने पुल शॉट खेला, जो सीधे डैरिल मिचेल के हाथों में गया। इसके बाद श्रेयस अय्यर भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और क्लार्क की गेंद पर मिड ऑफ पर कैच दे बैठे।
क्रिस्टियन क्लार्क ने किया बोल्ड
स्टेडियम में उस समय सन्नाटा छा गया, जब विराट कोहली (23) एक साधारण सी गेंद पर आउट हो गए। ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद उनके बल्ले का अंदरुनी किनारा लेकर सीधे मिडिल स्टंप पर जा लगी। कोहली ने पहली ही गेंद पर चौका लगाया था, लेकिन दूसरे छोर से लगातार गिरते विकेटों ने उनकी लय को प्रभावित किया।
अंत तक डटे रहे केएल राहुल
इसके बाद रवींद्र जडेजा मैदान में उतरे और राहुल के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 73 रन की अहम साझेदारी की। जडेजा ने 27 रन बनाए और स्थानीय दर्शकों का खूब समर्थन मिला। हालांकि, वह भी एक धीमी गेंद पर चकमा खा गए और ब्रेसवेल को आसान कैच दे बैठे। राहुल ने इसके बाद नीतीश कुमार रेड्डी (20) के साथ छठे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। रेड्डी भी जैक फोल्क्स की धीमी, छोटी गेंद पर आउट हो गए।
इसके बावजूद राहुल अंत तक डटे रहे और भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। हर्षित राणा ने 4 गेंदों पर 2 रन बनाए तो मोहम्मद सिराज 2 रन बनाकर नाबाद रहे। क्रिस्टियन क्लार्क के खाते में 3 विकेट आए। वहीं काइल जेमीसन, जैकरी फाउल्क्स, जेडन लेनोक्स और माइकल ब्रेसवेल को 1-1 सफलता मिली।
न्यूजीलैंड की शुरुआत रही धीमी
285 रन चेज करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत भी भारत की तरह ही धीमी रही। कीवी टीम पहले 10 ओवर में 1 विकेट खोकर 34 रन ही बना सकी। हर्षित राणा ने न्यूजीलैंड टीम का पहला झटका दिया। छठे ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने डेवोन कॉनवे को बोल्ड किया। कॉनवे ने 3 चौकों की मदद से 21 गेंदों पर 16 रन की पारी खेली।
न्यूजीलैंड का सबसे कम पावरप्ले स्कोर (2023 विश्व कप के बाद)
- 27/2 बनाम बांग्लादेश, 2023
- 32/1 बनाम इंग्लैंड, 2025
- 32/2 बनाम वेस्ट इंडीज, 2025
- 34/1 बनाम भारत, 2026*
- 35/15 बनाम श्रीलंका, 2025
यंग ने लगाया अर्धशतक
3 नंबर पर आए विल यंग ने हेनरी निकोल्स के साथ 24 रन की साझेदारी की। इस पार्टनरशिप को प्रसिद्ध कृष्णा ने तोड़ा। उन्होंने 13वें ओवर में हेनरी के डंडो उखाड़ दिए। कीवी ओपनर ने 24 गेंदों पर 10 रन की धीमी पारी खेली। इसके बाद विल यंग का साथ देने के लिए डेरेल मिचेल आए। मिचेल ने 52 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। कुछ देर में ही यंग ने भी 68 गेंदों पर फिफ्टी जड़ दी।
मिचेल ने लगाया शतक
विल यंग और डैरिल मिचेल के बीच तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी हुई। इस पार्टनरशिप को कुलदीप यादव ने तोड़ा। 38वें ओवर की आखिरी गेंद पर कुलदीप ने यंग को नीतीश रेड्डी के हाथों कैच आउट कराया। यंग ने 7 चौकों की बदौलत 98 गेंदों पर 87 रन की पारी खेली। यंग भले ही शतक से चूक गए हों पर मिचेल ने 96 गेंदों पर शतक लगाया। उन्होंने अपनी इस पारी की बदौलत ही भारत से जीत छीन ली।
NZ vs IND वनडे में सर्वाधिक शतक
- 5 - नाथन एस्टल (29 पारियां)
- 3 - डैरिल मिचेल (10 पारियां)*
- 3 - क्रिस केर्न्स (28 पारियां)
- 3 - रॉस टेलर (34 पारियां)
मिचेल ने बनाए 131 रन
डैरिल मिचेल 117 गेंदों पर 131 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 2 सिक्स भी लगाए। उन्हें ग्लेन फिलिप्स (32) का भी भरपूर साथ मिला। भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को 1-1 सफलता मिली। हालांकि, कुलदीप महंगे साबित हुए और उन्होंने 10 ओवर में 82 रन खर्च कर दिए।
कुलदीप द्वारा वनडे पारी में दिए गए सबसे अधिक रन
- 84/2 बनाम न्यूजीलैंड, हैमिल्टन, 2020
- 84/0 बनाम इंग्लैंड, पुणे, 2021
- 82/1 बनाम न्यूजीलैंड, राजकोट, 2026*
- 78/1 बनाम दक्षिण अफ्रीका, रायपुर, 2025
यह भी पढ़ें- IND vs NZ 2nd ODI: KL Rahul ने राजकोट में रचे 2 इतिहास, इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर बने