Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    IND vs NZ 2nd T20I: ईशान किशन के बाद आया सूर्यकुमार यादव का तूफान, भारत ने न्‍यूजीलैंड को फिर चटाई धूल

    Updated: Fri, 23 Jan 2026 10:30 PM (GMT+05:30)

    भारतीय कप्‍तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए भारत के सामने 209 रन ...और पढ़ें

    भारत ने दर्ज की जीत।

    भारत ने दर्ज की जीत।

    HighLights

    1. रचिन रविंद्र-सेंटनर ने न्यूजीलैंड को संभाला

    2. न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 209 रन का लक्ष्य

    3. सूर्यकुमार ने 14 महीने बाद लगाया अर्धशतक

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में शुक्रवार को ओस के बीच चौकों-छक्‍कों की बारिश हुई। दर्शकों को पैसा वसूल हाई स्‍कोरिंग मैच देखने को मिला। भारतीय सलामी जोड़ी के फेल होने के बाद ईशान किशन (76) और कप्‍तान सूर्यकुमार यादव (82) की आतिशी पारी की बदौलत भारत ने दूसरे टी20 में न्‍यूजीलैंड को 7 विकेट से (15.2 ओवर में) मात देकर 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है।

    209 रन का टारगेट मिला था

    भारतीय कप्‍तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए भारत के सामने 209 रन का टारगेट रखा। न्यूजीलैंड की टीम ने छह विकेट खोकर 208 रन बनाए। कप्तान मिशेल सेंटनर (नाबाद 47) और रचिन रवींद्र (44) से शानदार पारी खेलकर टीम को संभाला। यह मैच भारतीय धरती पर खेला गया 100वां टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला रहा।

     

     

     

    भारत की शुरुआत बेहद खराब रही

    209 रन चेज करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 7 गेंदों के भीतर भारत के ओपनर पवेलियन लौट गए। पहले ओवर की 5वीं गेंद पर संजू सैमसन और दूसरे ओवर की पहली गेंद पर पिछले मैच के हीरो अभिषेक शर्मा अपने विकेट गंवा बैठे। संजू ने 5 गेंदों पर 6 रन बनाए तो अभिषेक का तो खाता तक नहीं खुला। इसके बाद ईशान किशन ने सूर्यकुमार यादव का साथ देने शुरू किया।

    ईशान की तूफानी पारी

    ईशान ने रायपुर में बाउंड्री की लाइन लगा दी और फील्‍डर्स को दर्शक बनने पर मजबूर क‍र दिया। ईशान ने 21 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद तो सूर्या ने भी गियर बदला और छक्‍कों-चौकों की बारिश शुरू हो गई। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों पर 122 रनों की साझेदारी हुई। ईशा सोढ़ी ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा।

    खबरें और भी

    सूर्या ने 14 महीने बाद लगाई फिफ्टी

    ईशान ने 237.50 की स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेाबजी की और 32 गेंदों पर 76 रन कूट दिए। अपनी इस पारी में ईशान ने 11 चौके और 4 छक्‍के लगाए। मैट हेनरी ने कीवी टीम को यह सफलता दिलाई। ईशान की इस पारी की कप्‍तान सूर्यकुमार यादव, कोच गौतम गंभीर और अन्‍य साथी प्‍लेयर्स ने सराहना की।

    इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने भी लंबे इंतजार के बाद टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक लगाया। उन्‍होंने 14 महीने और 23 पारियों के बाद फिफ्टी लगाई। इससे पहले सूर्या ने 12 अक्‍टूबर 2024 को बांग्‍लदेश के खिलाफ हैदराबाद में अर्धशतकीय (75) पारी खेली थी।

    दूसरे छोर पर शिवम दुबे सूर्या का भरपूर साथ दे रहे थे। उन्‍होंने भी आते ही स्पिनर्स को आड़े हाथों लिया और कुछ अच्‍छी बाउंड्री लगाईं। सूर्यकुमार यादव 37 गेंदों पर 82 रन और दुबे 18 में 36 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान सूर्या ने 9 चौके और 4 छक्‍के लगाए। 

     

     

     

    न्यूजीलैंड की विस्फोटक शुरुआत

    मैच की शुरुआत में न्यूजीलैंड ने भारतीय गेंदबाजों पर जबरदस्त दबाव बनाया। पहले ही ओवर में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 18 रन बटोर लिए। शुरुआती दो ओवरों में कीवी बल्लेबाजों ने कुल छह चौके जड़े। हालांकि, चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर हर्षित राणा ने शानदार वापसी करते हुए डेवोन कान्वे को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई।

    उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 43 रन था। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने अपनी पहली ही गेंद पर विकेट चटकाया। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सिफर्ट को ईशान किशन के हाथों कैच कराया। सिफर्ट ने 13 गेंदों में 24 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल थे।

    रचिन रविंद्र का तूफान

    लगातार दो विकेट गिरने के बावजूद न्यूजीलैंड का आक्रामक रवैया नहीं बदला। रचिन रविंद्र ने जिम्मेदारी संभालते हुए भारतीय गेंदबाजों पर करारा प्रहार किया। उन्होंने 20 गेंदों में 36 रन बनाए, जिसमें चार शानदार छक्के शामिल रहे। उनका साथ ग्लेन फिलिप्स ने दिया, जिन्होंने 13 गेंदों में 19 रन बनाए, लेकिन आठवें ओवर में कुलदीप यादव की गेंद पर हार्दिक को कैच दे बैठे।

    उस समय न्यूजीलैंड का स्कोर 98 रन था। इसके बाद डेरिल मिशेल ने तेजी से रन बटोरते हुए सिर्फ छह गेंदों में 12 रन बनाए। 10.1 ओवर में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट पर 113 रन बना लिए थे और रनरेट 11 से ऊपर बना हुआ था। वहीं, मिशेल सेंटनर ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 27 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का की मदद से नाबाद 47 रन बनाए।

    ओस बनी चुनौती, अर्शदीप रहे महंगे

    रायपुर में ओस का असर पहले पारी से ही साफ नजर आया। हर तीन ओवर में रस्सी से ओस हटानी पड़ी। नई गेंद से स्विंग मिलने के बावजूद भारतीय गेंदबाजों को नियंत्रण में दिक्कत हुई। अर्शदीप सिंह पहले ओवर में 18 रन लुटा बैठे, जो किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा टी-20 इंटरनेशनल में डाला गया संयुक्त रूप से सबसे महंगा पहला ओवर रहा।

    इससे पहले 2022 में पाल स्टर्लिंग ने भुवनेश्वर कुमार के विरुद्ध ऐसा किया था। वहीं, भारतीय गेंदबाजों में हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला, जबकि हार्दिक ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए एक ओवर में सिर्फ सात रन दिए।

    भारतीय टीम में दो बदलाव

    भारतीय टीम में दो बदलाव किए गए। पिछले मैच में चोटिल हुए अक्षर पटेल की जगह कुलदीप यादव को शामिल किया गया, जबकि जसप्रीत बुमराह को आराम देते हुए युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा को मौका मिला। हर्षित राणा निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करने की क्षमता भी रखते हैं। न्यूजीलैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए। टीम में जैक फाल्क्स, मैट हेनरी और टिम सीफर्ट को शामिल किया गया।

    यह भी पढ़ें- IND vs NZ 2nd T20I Live Score Update: रायपुर में चमके सूर्यकुमार-ईशान, भारत ने न्‍यूजीलैंड को दूसरे टी20 में रौंदा

    यह भी पढ़ें- IND vs NZ 2nd T20I Live Streaming: नोट करें भारत-न्‍यूजीलैंड मैच का पता, दूसरी जीत दर्ज करने उतरेगी टीम इंडिया