IND vs SA,1st ODI Preview: रोहित शर्मा और विराट कोहली की होगी कड़ी परीक्षा, ऋषभ पंत पर भी नजरें
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला वनडे मैच रांची में खेला जाना है। इस सीरीज में एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली साथ में खेलते हुए दिखाई देंगे। सी ...और पढ़ें
-1764429874707_m.webp)
साउथ अफ्रीका के खिलाफ उतरेंगे रोहित शर्मा और विराट कोहली
HighLights
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला वनडे मुकाबला रविवार को
रोहित और विराट के साथ पंत पर रहेंगी नजरें
टेस्ट सीरीज हार का बदला लेना चाहेगी टीम इंडिया
संजीव रंजन, जागरण रांची : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को होने वाले तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मैच में दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए कड़ी परीक्षा होगी। दोनों के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी। उनका प्रदर्शन ही उनके 2027 विश्वकप खेलने के दावे को पुख्ता करेगा।
रोहित-कोहली अब केवल एक अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और भारत के अगले दो महीनों में केवल छह वनडे खेलने की योजना है। तीन दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध और तीन जनवरी में न्यूजीलैंड के विरुद्ध घरेलू मैदान पर। ऐसे में रोहित और विराट के लिए यह सीरीज काफी महत्वपूर्ण है। यह सीरीज भले ही 2027 विश्व कप के लिए उनके भविष्य को तय नहीं करेगा, लेकिन उनकी दावेदारी को अवश्य पुख्ता करेगा।
इसी ग्राउंड में बतौर ओपनर रोहित ने पहचान बनाई थी
इसे संयोग ही कहेंगे कि जिस ग्राउंड में रोहित शर्मा को बतौर प्रारंभिक बल्लेबाज पहचान मिली थी उसी मैदान में अगले विश्व कप के लिए अग्निपरीक्षा देनी पड़ रही है। 2013 में इसी जेएससीए स्टेडियम में रोहित शर्मा को पहली बार एक पूर्णकालिक ओपनर के रूप में पहचान मिली थी। इसके बाद बतौर ओपनर उन्होंने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। 38 वर्षीय रोहित एक बार फिर से रांची में कदम रख रहे हैं, इस बार टीम को जीत की पटरी पर लाने के लिए और अपने प्रदर्शन से आलोचकों का मुंह बंद करने के लिए उनका बल्ला बोलेगा।
यशस्वी बनेंगे रोहित के जोड़ीदार
चोटिल शुभमन गिल के टीम में नहीं रहने के कारण रोहित शर्मा को इस बार यशस्वी जायसवाल के रूप में नया साथी मिलना तय है। अपने छोटे से करियर में यशस्वी ने वनडे में मात्र एक मैच खेला है। ऊपरी क्रम में स्थापित बल्लेबाजों के रहने के कारण उन्हें मौका नहीं मिल पाया है। विराट कोहली का तीसरे नंबर पर आना तय है। तिलक वर्मा चौथे, कप्तान केएल राहुल पांचवें या छठे स्थान पर बल्लेबाजी करेंगे। पंत, ऋतुराज और नीतीश में से दो का खेलना तय है लेकिन इसका निर्णय टीम प्रबंधन मैच के पूर्व करेगा।
खबरें और भी
दक्षिण अफ्रीका का आत्मविश्वास
दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज में जीत के बाद आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगा और जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा। हालांकि टीम को तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा और एनरिक नॉर्खिया की कमी खलेगी लेकिन जिस तरह से स्पिन व तेज गेंदबाजों में टेस्ट में प्रदर्शन किया है उससे उनके हौसले बुलंद हैं। मेहमान टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा के पास एकदिवसीय मैच में भी अपनी कप्तानी साबित करने का मौका होगा। वहीं क्विंटन डि कॉक का अनुभव और मध्य क्रम में मैथ्यू ब्रीट्ज्के, डेवाल्ड ब्रेविस और टोनी डि जोर्जी बल्लेबाजी क्रम को मजबूती देंगे।
टॉस होगा बॉस
जेएससीए स्टेडियम में ओस भी निर्णायक साबित हो सकता है। रात में ज्यादा ओस गिरने के बाद टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करती आई है। दूसरी पारी में क्षेत्ररक्षण व गेंदबाजी करना काफी दुष्कर हो जाता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम को अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
इस प्रकार हैं दोनों टीमें
भारत: केएल राहुल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरैल।
दक्षिण अफ्रीका: टेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्क्रम, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डी कॉक, मार्को यानसेन, टोनी डी जार्जी , रुबिन हरमन, ओटनील बार्टमैन, कार्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, केशव महाराज, लुंगी एंगिडी, रियान रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन।
यह भी पढ़ें- IND vs SA: रांची में मैच देखने आएंगे एमएस धोनी! टीम इंडिया के कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट