विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: वेलिंगटन में बारिश भारत के लिए बनी वरदान, इंद्र देव की वजह से शुभमन गिल की सेना ने चार रन से जीता मैच

Published: Sat, 07 Nov 2026 03:40 PM (IST)Updated: Sat, 07 Nov 2026 04:02 PM (IST)

भारतीय टीम ने डकवर्थ-लुईस मेथड (DLS) की वजह से दूसरा वनडे चार रन से जीत लिया है। इसी के साथ ...और पढ़ें

भारत ने जीता दूसरा वनडे

भारत ने जीता दूसरा वनडे

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के लिए वेलिंगटन में बारिश वरदान बनकर आई। 135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरा भारत मुश्किल में फंस गया था। उसने 26 ओवर में 113 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद मैदान पर बारिश शुरू हो गई। भारत डकवर्थ-लुईस स्टर्न (DLS) मेथड से चार रन आगे था। मैच दोबारा शुरू नहीं हो पाया और भारत को विजेता घोषित कर दिया गया।

न्यूजीलैंड पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 134 रन पर सिमट गया था। बारिश की वजह से मुकाबला 47-47 ओवर का हुआ। मगर न्यूजीलैंड सिर्फ 41 ओवर में ही ऑलआउट हो गया।

बारिश ने बिगाड़ा न्यूजीलैंड का खेल

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने मैच में रोमांच ला दिया। भारत को एक वक्त पर 22 रनों की जरूरत थी और न्यूजीलैंड को मैच जीतने के लिए तीन विकेट चाहिए था।

यहां से कोई भी मैच पर कब्जा जमा सकता था। मगर इसी दौरान मैदान पर बारिश शुरू हो गई। बारिश की वजह से मैच दोबारा शुरू नहीं हो पाया और डीएलएस मेथड की वजह से भारत ने 4 रन से मैच जीत लिया।

भारत के लिए रोहित शर्मा ने दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 23 रन बनाए। वहीं सबसे बड़ी पारी श्रेयस अय्यर ने खेली। उन्होंने चार चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। केएल राहुल 26 रन बनाकर नाबाद रहे।

न्यूजीलैंड की जीत के बीच राहुल ही खड़े थे। राहुल अगर अपना विकेट गंवा देते तो, शायद न्यूजीलैंड मैच पर कब्जा जमा सकता था। साथ ही अगर बारिश नहीं आती तो, न्यूजीलैंड अपने आप को मैच जीतने का मौका दे सकता था।

भारतीय गेंदबाजों का रहा जलवा

इससे पहले कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, जिसे भारतीय गेंदबाजों ने सही साबित किया। आकिब नबी ने दूसरे ही ओवर में टिम सीफर्ट को पवेलियन भेज दिया। सीफर्ट खाता भी नहीं खोल पाए।

इसके बाद नबी ने विल यंग को भी चलता किया। यंग सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हुए। 9वें ओवर में अंशुल कंबोज ने हेनरी निकल्स को बोल्ड कर दिया। निकल्स सिर्फ 11 रन ही बना पाए।

चार नंबर पर आए डैरिल मिचेल ने एक छोर संभाला। मगर दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे। गुरनूर बराड़ ने एक ही ओवर में टॉम लाथम और ग्लेन फिलिप्स का विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड का स्कोर 53/5 पर लाकर खड़ा कर दिया।

सात नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे कप्तान मिचेल सैंटनर ने डैरिल मिचेल के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम को 100 के पार ले गए। दोनों के बीच 90 गेंदों में 59 रनों की साझेदारी हुई।

अक्षर पटेल ने मिचेल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद न्यूजीलैंड की पारी जल्द ही समाप्त हो गई। प्लेयर ऑफ द मैच गुरनूर बराड़ ने चार विकेट झटके। कंबोज, अक्षर और नबी को दो-दो सफलता मिली। भारत ने इस जीत के साथ सीरीज जीत की तरफ एक और कदम बढ़ा लिया है।

यह भी पढ़ें- 'हम सभी शामिल थे', उस्मान ख्वाजा ने सैंडपेपर विवाद पर किया हैरान करने वाला खुलासा; क्रिकेट की दुनिया में फिर मचा हड़कंप

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने बीच मैच में बदली अपनी प्लेइंग-11, मैट फिशर को अचानक किया शामिल; बड़ी वजह आई सामने

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।