Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    IND vs AUS: ऑस्ट्रेलियाई कहर से परेशान भारतीय बल्लेबाजों को बारिश ने बचाया, समय से पहले खत्म हुआ खेल, जानिए दिन का पूरा हाल

    Updated: Mon, 16 Dec 2024 01:47 PM (IST)

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिस्बेन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच का तीसरा दिन बारिश से बाधित रहा। बारिश ने कई बार दखल दिया और इसी कारण समय से पहले ...और पढ़ें

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन बारिश ने किया परेशान
    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट के तीसरे दिन बारिश ने किया परेशान

    HighLights

    1. IND vs AUS: ब्रिस्बेन टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म
    2. IND vs AUS: बारिश ने भारत को दी राहत
    3. IND vs AUS: ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने ढाया कहर

     स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ब्रिस्बेन टेस्ट मैच में टीम इंडिया एक बार फिर परेशानी में है। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने उसे जमकर परेशान किया है और रन बनाना मुश्किल कर दिया। हालांकि, बारिश के कारण मेहमान टीम को थोड़ी राहत मिली। बारिश ने मैच के तीसरे दिन सोमवार को लगातार दखल दिया और फिर आखिरकार समय से पहले दिन का खेल खत्म करने की घोषणा कर दी गई। भारत ने दिन का अंत अपनी पारी में चार विकेट के नुकसान पर 51 रनों के साथ किया। अगर बारिश नहीं आती तो भारत के और ज्यादा विकेट गिर सकते थे।

    टीम इंडिया अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 394 रन पीछे है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 445 रन बनाए थे। उसके लिए ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ ने शतक जमाए। हेड ने 152 और स्मिथ ने 101 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा एलेक्स कैरी ने 71 रनों की पारी खेल टीम को मजबूत स्कोर दिया। भारत के लिए तरफ से जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट अपने नाम किए।

    यह भी पढ़ें- IND vs AUS: आकाशदीप ने क्या कर दिया, फेंकी भयंकर खराब गेंद, गुस्से में लाल हो गए ऋषभ पंत, देखें Video

    शुरू से किया बारिश ने परेशान

    ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत सात विकेट के नुकसान पर 405 रनों के साथ की थी। बुमराह ने मिचेल स्टार्क को आउट कर मेजबान टीम को दिन का पहला झटका दिया। स्टार्क सिर्फ 18 रन ही बना सके। इस बीच कैरी ने अपना अर्धशतक पूरा किया। फिर बारिश आ गई। कुछ देर खेल रुका रहा। बारिश रुकने के बाद दोबारा खेल शुरू हुआ। मोहम्मद सिराज ने नाथन लियोन को दो रनों के निजी स्कोर पर आउट कर उनकी पारी का अंत किया। इसके बाद आकाशदीप ने एलेक्स कैरी को आउट कर ऑस्ट्रेलियाई पारी समेट दी। उन्होंने 88 गेंदों का सामना कर सात चौके और दो छक्के मारे।

    भारत को लगे शुरुआती झटके

    उम्मीद थी कि ब्रिस्बेन में भारतीय बल्लेबाज रन करेंगे, लेकिन टीम इंडिया का टॉप ऑर्डर लड़खड़ा गया। मिचेल स्टार्क ने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर यशस्वी को आउट किया। पहली गेंद पर यशस्वी ने चौका मारा और फिर अगली गेंद पर आउट हो गए। स्टार्क ने ही अपने अगले ओवर में शुभमन गिल की पारी का अंत किया। गिल भी एक रन ही बना सके। विराट कोहील मैदान पर आए तो उम्मीदें लेकर, लेकिन निराश कर चले गए। जोस हेजलवुड ने उन्हें अपना शिकार बनाया। हेजलवुड की ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद को कोहली ने ड्राइव करना चाहा, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में गई और विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने उनका कैच लपका।

    खबरें और भी

    भारत का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 22 रन था तभी बारिश आ गई और फिर खेल रोकना पड़ा। यहां लंच का एलान कर दिया गया। इसके बाद जब मैच शुरू हुआ तो दो-तीन ओवरों के अंतराल में तीन बार बारिश ने खेल रोका। इसके बाद भारत ने ऋषभ पंत का विकेट खो दिया जो पैट कमिंस का शिकार बने। भारतीय पारी के 15वें ओवर में फिर इंद्रदेव बरसे और मैच रुका। इसके बाद मैच शुरू नहीं हो सका और दिन का खेल खत्म करने का एलान कर दिया गया।

    यह भी पढ़ें- IND vs AUS: यशस्वी जायसवाल के लिए मास्टरप्लान बनाकर आए थे मिचेल स्टार्क, पर्थ वाली गलती नहीं छोड़ रही भारतीय बल्लेबाज का पीछा