PAK vs WI: अब्दुल्ला शफीक की ऐतिहासिक पारी से पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराया, बाबर की कप्तानी में 3 साल का सूखा हुआ खत्म
पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में जीत हासिल की। पाक के लिए अब्दुल्ला शफीक ने कमाल की बैटिंग की और शतक लगाया। ...और पढ़ें

अब्दुल्ला शफीक-बाबर आजम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जुलाई 2023 में पाकिस्तान ने बाबर आजम की ही कप्तानी में आखिरी बार विदेश में कोई टेस्ट मैच जीता था। एक बार फिर विदेश में जीत बाबर ने ही दिलाई। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले रेड बॉल का कप्तान बनाया गया और दूसरे मैच में ही उन्होंने अपनी टीम को जीत दिला दी।
पोर्ट ऑफ स्पेन, त्रिनिदाद में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान ने मेजबान विंडीज को 8 विकेट से हराया। इसी के साथ तीन साल से चले रहे सूखे को भी समाप्त किया। पाक टीम के लिए 10 महीने बाद वापसी कर रहे अब्दुल्ला शफीक हीरो रहे, जिन्होंने शतक लगाकर जीत की पटकथा लिखी। विंडीज ने बाबर की अगुवाई वाली टीम को 75 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे मेहमानों ने आसानी से हासिल कर लिया।
अब्दुल्ला शफीक ने बल्ले से मचाया कोहराम
चोट के बाद शफीक ने टीम में वापसी की और पहली ही पारी में सैकड़ा जड़ दिया। उन्होंने नाबाद 160 रनों की पारी खेली। इससे वे माजिद खान के बाद दूसरे पाकिस्तानी बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने वेस्टइंडीज की धरती पर 150+ का स्कोर बनाया है। माजिद ने 1977 में ये कारनामा किया था। उनकी शानदार शतक के बदौलत पाकिस्तान ने पहली पारी में 387 रन बना लिए थे और विंडीज पर 43 रनों की बढ़त बना ली थी। विंडीज के लिए जोमेल वॉरिकन ने कमाल की बॉलिंग की और 6 पाकिस्तानी बल्लेबाजों को मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया।
वेस्टइंडीज ने पहली पारी में जस्टिन ग्रीव्स (73) और कप्तान रोस्टन चेज (70) के अर्धशतक के दम पर 343 रनों का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में पाकिस्तान ने 387 रन बना डाले। पाकिस्तान के लिए पहली पारी में सबसे सफल गेंदबाज साजिद खान रहे, जिन्होंने 4 विकेट हासिल किए।
खबरें और भी
पाकिस्तानी स्पिनरों के सामने वेस्टइंडीज ने टेके घुटने
दूसरी पारी में चेज एंड कंपनी से फाइट की उम्मीद थी लेकिन वे ऐसा नहीं कर सके। पाकिस्तानी स्पिनरों की फिरकी पर मेजबान टीम के बल्लेबाज नाचते हुए दिखाई दिए। कावेम हॉज के अलावा दूसरा कोई बैटर 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू सका। स्पिन को मददगार पिच पर विंडीज फंस गई और वे दूसरी पारी में 117 रनों पर ढेर हो गए। रोस्टन चेज की अगुवाई वाली टीम ने पाक को 75 रनों का लक्ष्य दिया।
पाकिस्तान ने जीता मुकाबला
75 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने इसे 2 विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया। पाक के लिए अब्दुल्ला शफीक (24*) और बाबर आजम (24*) ने नाबाद रहकर टीम को जीत दिलाई।
पाकिस्तान ने 8 मैचों बाद हासिल की जीत
पाकिस्तान को टेस्ट क्रिकेट में विदेशी सरजमी पर 8 मैचों बाद जीत मिली है। उन्होंने विदेश में आखिरी बार साल 2023 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में जीत हासिल की थी। यानी पाक को 3 सालों बाद विदेश में टेस्ट क्रिकेट में जीत मिली है। इसी जीत के साथ वे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में 8वें नंबर पर पहुंच गए हैं।