Ranji Trophy: आकिब नबी की स्पीड के आगे नहीं टिका मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर ने MP को रौंदकर इतिहास में पहली बार किया ऐसा
जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहली बार जगह बनाई है। इंदौर में खेले गए मुकाबले में उन्होंने मध्य प्रदेश को 56 रनों से हराया। तेज गेंदबाज ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर ने मध्य प्रदेश को हराया
HighLights
जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में जगह बनाई
तेज गेंदबाज आकिब नबी ने मुकाबले में 12 विकेट लिए
मध्य प्रदेश को 56 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर ने मध्य प्रदेश को रौंदते हुए रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहली बार जगह बना ली है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की और एमपी को 56 रनों से हराया। जम्मू के लिए इस मुकाबले में तेज गेंदबाज आकिब नबी हीरो बनकर उभरे, जिन्होंने मुकाबले की दोनों पारियों में 12 विकेट हासिल किए और अपनी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया।
जम्मू-कश्मीर की टीम इससे पहले कभी भी रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में नहीं पहुंची थी लेकिन इस बार उन्होंने ये कमाल कर दिखाया। जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों के आगे मध्य प्रदेश के बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और इसी वजह से उन्हें क्वॉर्टर फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
जम्मू-कश्मीर ने पहली बार सेमीफाइनल में बनाई जगह
मध्य प्रदेश की टीम अपने होम ग्राउंड पर ये मुकाबला खेल रही थी लेकिन उनके बल्लेबाजों के पास जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों, खासकर आकिब नबी की गेंदबाजी का कोई जवाब नहीं था। आकिब नबी ने मुकाबले में 12 विकेट लेकर एमपी को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया और रणजी ट्रॉफी के अपने इतिहास में पहली बार जगह बना ली।
आकिब नबी की शानदार गेंदबाजी
आकिब नबी ने जम्मू-कश्मीर के लिए बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने इस मुकाबले की पहली पारी में 18.4 ओवरों में 40 रन खर्च करते हुए 7 विकेट अपने नाम किए। नबी का तूफान दूसरी पारी में भी आया, जब उन्होंने 24 ओवरों में 70 रन खर्च करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। इस तरह से उन्होंने मुकाबले में कुल 12 विकेट लिए, जिसके लिए नबी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
खबरें और भी
मध्य प्रदेश की खराब बल्लेबाजी
इस मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने पहले बैटिंग करते हुए 194 रन बनाए थे और मध्य प्रदेश के बल्लेबाज अपने घर पर खेल रहे थे, जिसकी वजह से ऐसा लग रहा था कि वे बड़ा स्कोर बना लेंगे। हालांकि, उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया और पूरी टीम 152 रनों पर सिमट गई। उनके लिए यश दूबे ने 58 रनों की पारी खेली। जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में ही 42 रनों की बढ़त बना ली थी। इसके बाद अपनी दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर ने वंशज शर्मा के नाबाद 54 रनों के दम पर 248 रन बना डाले।
इसके साथ ही मध्य प्रदेश को मुकाबला जीतने के लिए 291 रन बनाने थे लेकिन ये टीम 234 रनों से सिमट गई और मुकाबले में 56 रनों से हार का सामना करना पड़ा। जम्मू-कश्मीर ने इसी के साथ पहली बार सेमीफाइनल में जगह बना ली है।