विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ranji Trophy Round-up: आदर्श-माधव की जोड़ी ने रचा इतिहास, जम्मू-कश्मीर के आगे पुडुचेरी हुआ पस्त; उत्तराखंड ने हासिल की प्रचंड जीत

Published: Wed, 04 Nov 2026 10:03 PM (IST)

रणजी ट्रॉफी के तीसरे दिन उत्तर प्रदेश ने आदर्श सिंह और माधव कौशिक के शतकों की मदद से बड़ौदा पर ...और पढ़ें

माधव कौशिक

माधव कौशिक

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, कानपुर। रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने आदर्श सिंह और माधव कौशिक के शतकों की बदौलत बड़ौदा पर 100 रन की बढ़त बना ली। ग्रीन पार्क स्टेडियम में बुधवार को तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मेजबान टीम ने 133 ओवर में आठ विकेट पर 455 रन बनाए।

उत्तर प्रदेश ने दिन की शुरुआत 196 रन से की। आदर्श (162) और माधव (137) ने पहले विकेट के लिए 309 रन जोड़े। इस साझेदारी ने वर्ष 2012 में महाराष्ट्र के विरुद्ध तन्मय और मुकुल की 248 रन की साझेदारी का रिकॉर्ड तोड़ा। आदर्श ने उत्तर प्रदेश के लिए आरंभिक बल्लेबाज के रूप में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेली।

रिंकू सिंह का नहीं चला बल्ला

माधव भार्गव भट्ट की गेंद पर मितेश के हाथों कैच हुए, जबकि आदर्श महेश की गेंद पर पगबाधा हुए। इसके बाद करन शर्मा (10), रिंकू सिंह (23), सिद्धार्थ (2), प्रशांत वीर (14) और यश दयाल (10) पवेलियन लौटे। कप्तान आर्यन 67 रन बनाकर डटे रहे और कार्तिक यादव (0) नाबाद थे। बड़ौदा के महेश ने पांच और भार्गव ने दो विकेट लिए। अंतिम सत्र में बड़ौदा के स्पिनरों ने सात विकेट चटकाए।

मोहित अहलावत के शतक से सर्विसेज को बढ़त

दिल्ली और सर्विसेज के बीच पालम मैदान पर खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में तीसरे दिन सर्विसेज ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली। दिल्ली की पहली पारी में 344 रन के जवाब में सर्विसेज ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 280 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही सर्विसेज की कुल बढ़त 202 रन की हो गई है। दिन का खेल समाप्त होने तक कप्तान आर पालीवाल 62 और विनेत धनखड़ पांच रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है।

सर्विसेज की दूसरी पारी में मोहित अहलावत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 142 रन की शतकीय पारी खेली। वहीं रवि चौहान ने 56 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने दिल्ली के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। दिल्ली की ओर से नवदीप सैनी ने नितिन तंवर (2) और रोहिल्ला (5) को पवेलियन भेजकर शुरुआती झटके दिए। इसके बाद ऋतिक शौकीन ने रवि चौहान को आउट किया। अमन चौधरी ने मोहित अहलावत और नकुल शर्मा के विकेट हासिल किए। इससे पहले सर्विसेज की पहली पारी 266 रन पर सिमटी थी।

उत्तराखंड ने हरियाणा को 10 विकेट से रौंदा

देहरादून में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मुकाबले में उत्तराखंड ने बुधवार को तीसरे दिन ही हरियाणा को 10 विकेट रौंद दिया। उत्तराखंड को महज नौ रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 1.2 ओवर में ही हासिल करते हुए बोनस अंक हासिल किए। हरियाणा को 153 रन पर समेटने के बाद उत्तराखंड ने अपनी एकमात्र पारी में 305 रन बनाकर 152 रन की बढ़त हासिल की।

इसके बाद बड़ी बढ़त के दबाव में हरियाणा की दूसरी पारी 159 रन पर सिमट गई। हरियाणा ने इस दौरान आठ रन की मामूली बढ़त हासिल की और उत्तराखंड ने बिना विकेट खोए नौ रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पहली पारी में 153 रन की पारी खेलने वाले देगा निश्चल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

शुभम-कामरान दोहरे शतक से चूके

शुभम खजूरिया ने बुधवार को कामरान इकबाल के साथ पहले विकेट के लिए 344 रन की साझेदारी की। टीम ने स्टंप तक पांच विकेट पर 491 रन बनाते हुए प्रतिद्वंद्वी पुडुचेरी के खिलाफ 106 रन की अहम बढ़त हासिल की। जम्मू-कश्मीर की टीम ने पुडुचेरी की पहली पारी के 385 रन के जवाब में चार दिवसीय रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए के मुकाबले में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 130 ओवर में पांच विकेट पर 491 रन बनाए।

जम्मू-कश्मीर ने तीसरे दिन की पारी की शुरुआत बिना किसी विकेट के नुकसान पर 149 रन से आगे की। खजूरिया 330 गेंदों का सामना करते हुए 28 चौकों और दो छक्कों की मदद से 190 रन बनाकर आउट हुए। कामरान इकबाल ने 292 गेंदों में 22 चौकों और एक छक्के की मदद से 160 रन बनाए। दोनों के बीच पहली विकेट के लिए 99.4 ओवर में 344 रन की साझेदारी हुई है।

यह भी पढ़ें- भारत के खिलाफ पहले वनडे में हार के बाद बुरी तरह भड़के मिचेल सैंटनर, शर्मनाक शिकस्त पर कीवी कप्तान ने बनाया अजीब बहाना

यह भी पढ़ें- रोहित शर्मा के 'मास्टर स्ट्रोक' पर फिदा हुए कप्तान शुभमन गिल, पहले वनडे मैच में हिटमैन को दिया जीत का श्रेय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।