Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    SRH vs PBKS: हैदराबाद में किशन-क्लासेन शो, खराब फील्डिंग के बाद बल्‍लेबाजी में फिसड्डी रही पंजाब

    Updated: Wed, 06 May 2026 11:17 PM (IST)

    ईशान किशन (55) और हेनरिक क्लासेन (69) की शानदार पारियों से सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल मुकाबले में पंजाब किंग्स के विरुद्ध चार विकेट पर 235 रन का स्क ...और पढ़ें

    हैदराबाद ने जीता मैच।

    हैदराबाद ने जीता मैच।

    HighLights

    1. कोनोली का शतक नहीं आया पंजाब के काम

    2. हैदराबाद ने पंजाब किंग्‍स को 33 रन से हराया

    3. प्‍वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंची हैदराबाद

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में बुधवार को ईशान किशन (55) और हेनरिक क्लासेन (69) की शानदार पारियों से सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल मुकाबले में पंजाब किंग्स के विरुद्ध चार विकेट पर 235 रन का स्कोर खड़ा किया। यह आईपीएल में पंजाब के विरुद्ध उसका दूसरा सर्वोच्च स्कोर है।

    जवाब में पंजाब किंग्‍स खराब शुरुआत के बाद कूपर कोनोली (107) के शतक की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन बनाए। हैदराबाद ने 33 रन से मुकाबला अपने नाम किया। इस सीजन के 17वें मैच में जब यह टीम टकराई थीं तो पंजाब ने हैदराबाद को 6 विकेट से हराया था।

    ऐसे में हैदराबाद ने पंजाब से पिछली हार का बदला ले लिया है। साथ ही पंजाब को पछाड़कर हैदराबाद प्‍वाइंट्स टेबल में 14 अंकों के साथ टॉप पर पहुंच गई है। वहीं पंजाब (13 अंक) दूसरे नंबर पर आ गई है।

    पंजाब की पारी लड़खड़ाई

    236 रन चेज करने उतरी पंजाब की शुरुआत खराब रही और पावरप्ले में ही टीम को 3 झटके लगे। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस ने प्रियांश आर्य (1) को आउट किया। अगली गेंद पर नीतीश रेड्डी ने प्रभसिमरन सिंह (3) को कमिंस के हाथों कैच आउट कराया। चौथे ओवर में कप्‍तान श्रेयस अय्यर (5) ने कमिंस को कैच थमा दिया।

    खबरें और भी

    पावरप्‍ले के अगले ओवर में मार्कस स्‍टोइनिस (28) भी अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद कूपर कोनोली ने सूर्यांश शेडगे के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर 30 गेंदों पर 47 रन भी जोड़े। पैट कमिंस ने शेडगे (25) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।

    अगले ही ओवर में शशांक सिंह (4) भी अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद कूपर कोनोली ने फिफ्टी लगाई। वह यहीं नहीं रुके और टी20 करियर का पहला शतक भी ठोक दिया। उन्‍होंने 59 गेंदों पर नाबाद 107 रन बनाए।

    ईशान-क्‍लासेन ने 200 के पार पहुंचाया

    हैदराबाद की ओर से ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी कर टीम को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि इस पारी की सबसे बड़ी कहानी रही पंजाब किंग्स की खराब फील्डिंग, जिसने युजवेंद्र चहल की मेहनत पर पानी फेर दिया।

    चहल ने मुश्किल परिस्थितियों में भी शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 32 रन देकर एक विकेट लिया, लेकिन उनके साथियों ने लगातार कैच और स्टंपिंग के मौके गंवाकर सनराइजर्स के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका दे दिया।

    अभिषेक-हेड ने दी तेज शुरुआत

    हैदराबाद की शुरुआत हमेशा की तरह आक्रामक रही। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 13 गेंदों में 35 रन ठोकते हुए शुरुआत से ही प्रहार किया। उन्होंने मार्को जेनसेन और अर्शदीप सिंह की गेंदों पर चार छक्के जड़े। दूसरी ओर ट्रेविस हेड ने भी 19 गेंदों में 38 रन बनाकर रनगति को तेज बनाए रखा। दोनों ने मिलकर शुरुआती ओवरों में ही पंजाब के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

    फिफ्टी से चूके हेड

    हेड और अभिषेक ने पहले विकेट के लिए 21 गेंद में 54 रन की साझेदारी कर डाली और बड़े स्कोर की नींव रखी। अभिषेक ने लाकी फग्र्यूसन की गेंद पर शानदार पुल शॉ खेलते हुए टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचाया, लेकिन पांचवां छक्का लगाने की कोशिश में वह श्रेयस अय्यर को कैच थमा बैठे। इसके बाद हेड ने जिम्मेदारी संभाली और लगातार बड़े शॉट लगाए, हालांकि लगातार तीसरे अर्धशतक से वह चूक गए।

    सिक्‍स की हैट्रिक लगाई

    मध्य ओवरों में क्लासेन और ईशान ने पंजाब की कमजोर फील्डिंग का पूरा फायदा उठाया। क्लासेन ने 43 गेंदों में 69 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें चार छक्के शामिल थे। वहीं किशन ने शुरुआत में संघर्ष किया, लेकिन बाद में लय पकड़ते हुए 32 गेंदों में 55 रन बना डाले। उन्होंने विजयकुमार वैशाख के एक ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। चहल के साथ किस्मत बिल्कुल नहीं थी।

    पहले शशांक सिंह ने क्लासेन का आसान कैच छोड़ दिया, फिर प्रभसिमरन सिंह नियमित स्टंपिंग का मौका गंवा बैठे। इन गलतियों से चहल साफ तौर पर निराश नजर आए। पंजाब की फील्डिंग पूरे टूर्नामेंट में सवालों के घेरे में रही है और इस मैच में भी टीम ने तीन कैच टपकाए। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर इतनी गलतियां करना पंजाब को भारी पड़ा।

    मार्को यानसेन और अर्शदीप सिंह जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज भी काफी महंगे साबित हुए। दोनों ने मिलकर आठ ओवरों में 100 रन लुटा दिए। अंत में नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में नाबाद 29 रन की तेज पारी खेलकर हैदराबाद को 235 रन तक पहुंचाया। उनकी पारी ने पंजाब की मुश्किलें और बढ़ा दीं।

    पंजाब के विरुद्ध हैदराबाद का सर्वोच्च स्कोर

    • 247/2, हैदराबाद, 2025
    • 235/4, हैदराबाद, 2026
    • 219/6, मुल्लांपुर, 2026
    • 215/6, हैदराबाद, 2024
    • 212/6, हैदराबाद, 2019

    यह भी पढ़ें- SRH vs PBKS Live Score Update: कूपर कोनोली का शतक नहीं आया काम, पंजाब को हराकर टेबल टॉपर बनी हैदराबाद

    यह भी पढ़ें- IPL 2026 Points Table: प्वाइंट्स टेबल में आज फिर होगा फेरबदल, पंजाब से नंबर-1 का ताज छीनना चाहेगी हैदराबाद