महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत ने भरी हुंकार, वेस्टइंडीज को वॉर्मअप मैच में रौंदकर सभी टीमों को दी चेतावनी
वेस्टइंडीज के खिलाफ वॉर्मअप मैच में भारतीय महिला टीम ने शानदार जीत हासिल की है। महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत ने जीत के साथ सभी टीमों को संदेश दे ...और पढ़ें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)
HighLights
भारतीय महिला टीम और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला
महिला टी20 वर्ल्ड कप से पहले वॉर्मअप मैच
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वॉर्म-अप मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को मात दी। इसी के साथ टीम इंडिया ने विश्व कप से पहले सभी टीमों को संदेश भी दे दिया है। भारत इस समय 50 ओवर का चैंपियन है और अब हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया टी20 विश्व कप के खिताब पर भी अपना कब्जा जमाना चाहेगी। इसकी शुरुआत वॉर्मअप मैच में भारत ने जीत के साथ की है।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारती फुलमाली के अर्धशतक के दम पर 179 रनों का स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंडीज टीम ने शानदार शुरुआत की और ऐसा लग रहा था कि विमेन इन ब्लू को मुकाबले में हार का सामना करना पड़ेगा लेकिन टीम ने वापसी की। भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की और मुकाबले को टीम इंडिया ने 26 रनों से अपने नाम कर लिया।
भारती फुलमाली की शानदार बल्लेबाजी
वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में भारती फुलमाली ने कमाल की बल्लेबाजी की। उनकी बैटिंग का ही नतीजा था कि टीम इंडिया ने 179 रनों का स्कोर बनाया। उन्होंने 40 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और एक छक्का शामिल रहा। फुलमाली के अलावा स्मृति मंधाना दूसरी सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहीं, जिन्होंने 23 गेंदों पर 39 रन बनाए।
यास्तिका भाटिया ने भी 36 रनों का अहम योगदान दिया और भारत ने 179 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए एफी फ्लेचर ने कमाल की गेंदबाजी की और विकेटों का चौका लगाया। उन्होंने 4 ओवर में 23 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए।
खबरें और भी
टीम इंडिया ने हासिल की जीत
भारत के द्वारा दिए गए 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंडीज की टीम ने शानदार शुरुआत की। उन्होंने अपना पहला विकेट 63 रनों पर गंवाया और एक समय ऐसा लग रहा था कि वेस्टइंडीज मुकाबले को अपने नाम कर लेगी। हालांकि, भारत के गेंदबाजों ने वापसी की और भारत को जीत दिलाई।
स्पिनर श्रेयंका पाटिल ने कमाल की गेंदबाजी की और 4 ओवर में 36 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। राधा यादव ने भी कमाल की गेंदबाजी की और 3 विकेट चटकाए। वेस्टइंडीज की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 153 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबले को 26 रनों से अपने नाम कर लिया।