Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शादीपुर डिपो में घुसने के दौरान डीटीसी बस ने 10 साल की बच्ची को कुचला, मौत; ड्राइवर गिरफ्तार

    Updated: Sun, 12 Apr 2026 07:45 PM (IST)

    दिल्ली के पटेल नगर में शादीपुर डिपो में घुसते समय एक डीटीसी बस ने 10 वर्षीय प्रियंका कुमारी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्ची अपने पिता की दुक ...और पढ़ें

    दिल्ली में डीटीसी बस ने बच्ची को कुचला, मौत।

    दिल्ली में डीटीसी बस ने बच्ची को कुचला, मौत।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य जिले के पटेल नगर थाना क्षेत्र में शादीपुर डिपो में घुसने के दौरान एक डीटीसी बस ने वहां खेल रही 10 वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया। उसे तुरंत आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्ची की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है।

    सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आरएमएल की मोर्चरी में भेज दिया और केस दर्ज कर डीटीसी बस को कब्जे में लेकर आरोपित बस चालक को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान कप्तान सिंह के रूप में हुई है। चालक का मेडिकल कराया गया है, रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कि उसने शराब पी हुई थी या नहीं।

    वहीं पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद प्रियंका का शव स्वजन के हवाले कर दिया। स्वजन शव लेकर बिहार के मधुबनी के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस बस डिपो के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल मामले की छानबीन कर रही है।

    उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, प्रियंका परिवार के साथ न्यू पटेल नगर इलाके में बस डिपो के सामने कालोनी में रहती थी। इसके पिता सियाराम यादव शादीपुर बस डिपो के बाहर चाय की दुकान चलाते हैं। परिवार में मां पूनम देवी, बड़ा भाई सचिन, बड़ी बहन मनीषा और अनीता हैं।

    खबरें और भी

    हरे रंग की देवी बस ने प्रियंका को कुचल दिया

    शनिवार शाम को वह पिता की दुकान पर खेल रही थी। पिता के कहने पर वह घर वापिस लौट रही थी तभी रात करीब 9.30 बजे वह बस डिपो के सामने ही पहुंची थी कि ठीक गेट के सामने बाहर से डिपो के अंदर आ रही हरे रंग की देवी बस ने प्रियंका को कुचल दिया। इसके बाद भी चालक ने बस नहीं रोकी और वह बस लेकर डिपो में भाग गया।

    वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो मौके पर भीड़ जुट गई और भीड़ देख डीटीसी बस डिपो के कर्मचारियों ने गेट बंद कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। बाद में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को मोर्चरी भेजा गया। डिपो से ही बस कब्जे में लेकर आरोपित चालक कप्तान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

    बचपन से था दिल में छेद, दो साल पहले हुई थी सर्जरी

    प्रियंका के पिता सियाराम ने बताया उसकी बेटी के बचपन से दिल में छेद था। करीब दो साल पहले आरएमएल अस्पताल में उसकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई थी। इसके बाद उसे ठीक होने में काफी समय लग गया। पिछले करीब दो सालों से प्रियंका तबीयत खराब रहने की वजह से स्कूल भी नहीं जा पा रही थी। अब उसकी तबीयत में सुधार हुआ था तो परिजन इस साल उसका दाखिला कराने की सोच रहे थे।

    डीटीसी बस की चपेट में आने से कई लोगों की हो चुकी है मौत

    इसी माह पांच अप्रैल को हुमायूं रोड पर एक बेकाबू डीटीसी बस ने आटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस हादसे में आटो चालक मंटू महतो की मौत हो गई थी। तुगलक रोड पुलिस ने आरोपित बस चालक को मौके से गिरफ्तार कर बस को कब्जे में ले लिया था। वहीं बीते वर्ष मार्च माह में नांगलोई-नजफगढ़ रोड पर भी एक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने कई राहगीरों को रौंदा, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी थी।

    यह भी पढ़ें- यमुना किनारे एलिवेटेड रोड... दिल्ली में बनेगा 19.2 किमी लंबा कॉरिडोर, कुछ हिस्से होंगे डबल-डेकर