टर्बुलेंस कितना खतरनाक? 94 सेकंड में 300 फीट नीचे आया Air India का विमान; सीट बेल्ट कैसे बचाती है जान
एअर इंडिया की फुकेट-दिल्ली उड़ान में टर्बुलेंस से हुए हादसे ने सीट बेल्ट के महत्व को उजागर किया है। यह यात्रियों को हवा में उछलने और गंभीर चोटों से बच ...और पढ़ें

टर्बुलेंस के दौरान सीट बेल्ट बचाती है जान। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
एअर इंडिया उड़ान में 300 फीट का अचानक ड्रॉप
सीट बेल्ट यात्रियों को गंभीर चोटों से बचाती है
क्लियर एयर टर्ब्युलेंस सबसे खतरनाक प्रकार का विक्षोभ
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। एअर इंडिया की फुकेट-दिल्ली उड़ान में बीच हवा में हुए दर्दनाक हादसे ने विमान यात्रा सुरक्षा के सबसे अहम नियम पर एक बार फिर मुहर लगा दी है कि जब तक आप सीट पर बैठे हैं, सीट बेल्ट बांधकर रखें।
महज 94 सेकंड में विमान 300 फीट से अधिक नीचे आ गया गया, जिससे सीट बेल्ट नहीं बांधे यात्री अपनी सीटों से उछलकर सीधे केबिन की छत से जा टकराए। इस घटना ने स्पष्ट कर दिया है कि हवाई सफर के दौरान सीट बेल्ट कोई विकल्प नहीं, बल्कि जिंदगी और मौत के बीच का अंतर है।
क्यों जरूरी है सीट बेल्ट लगाना
जब विमान टर्बुलेंस की चपेट में आता है, तो विमान और उसके अंदर बैठे यात्रियों पर भौतिकी के नियम लागू होते हैं। इसे आप ऐसे समझें कि जब कोई विमान अचानक 300 फीट नीचे गिरता है, तो विमान के साथ-साथ यात्री का शरीर भी उसी गति से नीचे जाना चाहिए।
लेकिन जिन यात्रियों ने सीट बेल्ट नहीं बांधी होती, उनका शरीर जड़त्व के कारण पुरानी स्थिति में ही रहने की कोशिश करता है या ऊपर की ओर उछल जाता है।
इस स्थिति में विमान नीचे गिरता है और यात्री ऊपर की ओर हवा में उछलकर सीधे प्लास्टिक पैनल, ओवरहेड डिब्बों या लोहे के ढांचों से टकराते हैं। सीट बेल्ट यात्री के शरीर को कुर्सी से बांधकर रखती है।
आधुनिक व्यावसायिक विमान (जैसे एयरबस और बोइंग) अत्यधिक मजबूत बनाए जाते हैं। वे भारी से भारी झटकों को सहने में सक्षम होते हैं और उनके टूटने का खतरा न के बराबर होता है। असल खतरा विमान को नहीं, बल्कि विमान के अंदर बिना बेल्ट बंधे बैठे यात्रियों को होता है।
खबरें और भी
कितनी तरह के होते हैं टर्बुलेंस
टर्बुलेंस वायुमंडल में हवा के असामान्य या बेकाबू प्रवाह को कहते हैं। साधारण शब्दों में, जैसे सड़क पर गड्ढे आने पर गाड़ी हिचकोले खाती है, वैसे ही हवा के दबाव या तापमान में अंतर आने पर विमान टर्बुलेंस का शिकार होता है। टर्बुलेंस कई प्रकार के होते हैं।
- थर्मल टर्बुलेंस: जब सूरज की गर्मी से जमीन की गर्म हवा तेजी से ऊपर उठती है और ठंडी हवा नीचे आती है।
- मैकेनिकल टर्बुलेंस: पहाड़ों या ऊंची इमारतों से टकराकर हवा का मार्ग बदलने से उत्पन्न विक्षोभ।
- क्लियर एयर टर्बुलेंस: यह सबसे खतरनाक टर्बुलेंस माना जाता है। यह बिल्कुल साफ आसमान में, बिना बादलों या मौसम चेतावनी के
15,000 से 45,000 फीट की ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम के कारण बनता है। रडार भी अक्सर इसे नहीं पकड़ पाता। कहा जा रहा है कि फुकेट-दिल्ली उड़ान में भी इसी तरह का अचानक विक्षोभ आया था।
भारत व दुनिया में टर्बुलेंस से जुड़े बड़े हादसे
- सिंगापुर एयरलाइंस (मई 2024): लंदन से सिंगापुर जा रहा बोइंग 777 विमान म्यांमार के ऊपर भयानक ‘क्लियर एयर टर्बुलेंस’ की चपेट में आया। विमान महज 3 मिनट में 6,000 फीट नीचे आ गया था। इस हादसे में हार्ट अटैक से एक यात्री की मौत हो गई थी और 70 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
- एअर इंडिया ड्रीमलाइनर (अप्रैल 2018): अमृतसर से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान एआइ-462 भीषण टर्बुलेंस में फंस गई थी। विमान की एक खिड़की का अंदरूनी पैनल उखड़ गया था और तीन यात्री घायल हो गए थे।
- हवाईयन एयरलाइंस (दिसंबर 2022): फिनिक्स से होनोलूलू जा रही फ्लाइट में उतरने से 30 मिनट पहले तीव्र टर्बुलेंस आया। 36 लोग घायल हुए थे, जिनमें से 20 को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
- एअर इंडिया (4 अगस्त 2026): फुकेट से दिल्ली आ रही उड़ान में अचानक 300 फीट एल्टिट्यूड लास हुआ, जिसमें 10 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स सहित कुल 14 लोग घायल हुए।
सफर में इन बातों का रखें ध्यान
- साइन आफ होने पर भी बेल्ट बांधें: भले ही पायलट ने सीट बेल्ट का साइन बंद कर दिया हो, जब तक आप अपनी सीट पर हों, बेल्ट ढीली करके ही सही, बांधकर जरूर रखें।
- सामान को सही जगह रखें: टर्बुलेंस के दौरान सामान (मोबाइल, लैपटाप, बैग) उड़कर दूसरों को घायल कर सकता है।
- क्रू के निर्देशों का पालन करें: टर्बुलेंस की चेतावनी मिलते ही तुरंत अपनी सीट पर लौटें और वाशरूम का इस्तेमाल करने से बचें।
यह भी पढ़ें- 'सब चीख रहे थे, रो रहे थे... हमें लगा अब हम नहीं बचेंगे', Air India के यात्रियों ने बयां किया खौफ का मंजर