Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली के अशोक नगर में अतिक्रमण से बेहाल हैं लोग, छुट्टी के दिन में लगा लंबा जाम

    Updated: Sun, 12 Apr 2026 08:14 PM (IST)

    पूर्वी दिल्ली के अशोक नगर बाजार में मंडोली रोड पर अतिक्रमण और बेतरतीब ई-रिक्शा चालकों के कारण भीषण जाम लग रहा है। दुकानदारों द्वारा सड़क पर कब्जा और ई ...और पढ़ें

    मंडोली रोड अशोक नगर बाजार में अतिक्रमण और बेतरतीब ई-रिक्शा चालकों ने जीना किया मुहाल।

    मंडोली रोड अशोक नगर बाजार में अतिक्रमण और बेतरतीब ई-रिक्शा चालकों ने जीना किया मुहाल।

    HighLights

    1. मंडोली रोड पर अतिक्रमण और ई-रिक्शा से भीषण जाम।

    2. दुकानदारों के कब्जे व ई-रिक्शा की मनमानी से रास्ता संकरा।

    3. पार्षद ने जाम मुक्त बाजार बनाने का आश्वासन दिया।

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। मंडोली रोड अशोक नगर बाजार में अतिक्रमण और बेतरतीब ई-रिक्शा चालकों ने आम लोगों की जिंदगी मुसीबत बना दी है। सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जों के कारण पहले ही रास्ता संकरा हो चुका है, ऊपर से ई-रिक्शा चालकों की मनमानी ने हालात और बदतर कर दिए हैं। नतीजतन, रोजाना यहां लंबा जाम लगना आम बात हो गई है, जिसमें घंटों लोग फंसे रहते हैं। रविवार को छुट्टी के दिन भी मंडोली रोड पर लोगों को भयंकर जाम से जूझना पड़ा।

    स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मंडोली रोड के ज्यादातर व्यापारियों ने दुकानों के बाहर अतिक्रमण कर दुकान लगा रखी है। इससे रोड बेहद संकरी हो गई हैं। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में पांच सौ से अधिक ई-रिक्शा बाजार व अन्य एरिया में बेलगाम दौड़ रहे है, जिनमें से आधों पर नंबर प्लेट भी नहीं है।

    बाजार में आए खरीदार सोनू बताते है कि बाजार में पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।

    व्यापारियों से बातचीत

    ई-रिक्शा चालकों पर लगाम लग जाए तो आधी से ज्यादा समस्या खत्म हो जाएगी। बाजार की रोड कहीं 30 फुट तो कही 40 फुट चौड़ी है। रिक्शा चालक इधर-उधर अपने रिक्शा लगा देते है जिससे रोजाना लंबा जाम लगता है। -सत्येंद्र शर्मा, जनरल सेक्रेटरी, महाराजा अग्रसेन मार्केट एसोसिएशन

    जाम का मुख्य कारण पुलिस की लापरवाही है। पुलिस की ओर से ई-रिक्शा चालकों के न तो चालान किए जाते है औरह न ही उनके रिक्शे को जब्त किया जाता है जिससे रोजाना लोग परेशान रहते है। -शंकर अग्रवाल, दुकानदार।

    कई व्यापारियों ने तो आधी दुकान सड़क पर लगा रखी हैं। रही सही कसर ई-रिक्शा पूरी कर देते हैं। पुलिस और नगर निगम को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। - आवेश राठी, स्थानीय निवासी

    बाजार में जाम व अतिक्रमण को लेकर कई बार निगम में आवाज उठाई है। जल्द ही निगम अधिकारियों संग बैठक में बाजार में जाम का मुद्दा उठाएंगे। वहीं ई-रिक्शा चालकों की सूची तैयार करेंगे जो भी ई-रिक्शा रजिस्टर्ड नही है उन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही बाजार को जाम मुक्त किया जाएगा। - रीना माहेश्वरी, पार्षद।

    यह भी पढ़ें- शादीपुर डिपो में घुसने के दौरान डीटीसी बस ने 10 साल की बच्ची को कुचला, मौत; ड्राइवर गिरफ्तार

    खबरें और भी