एक दशक के लंबे इंतजार के बाद बारापुला फेज-3 कॉरिडोर तैयार, अगस्त में खुलेगा जनता के लिए
एक दशक की देरी के बाद बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर के तीसरे चरण का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, जिससे ...और पढ़ें

एक दशक की देरी के बाद बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर के तीसरे चरण का निर्माण कार्य पूरा हो गया है
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच सफर करने वाले लाखों लोगों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। करीब एक दशक की देरी के बाद बारापुला एलिवेटेड कारिडोर के तीसरे चरण का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसके औपचारिक उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से समय मांगा है।
अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन के बाद अगस्त में इस महत्वपूर्ण कारिडोर को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि जल्द ही इस परियोजना के उद्घाटन की तारीख निर्धारित हाेने जा रही है और अगस्त में ही इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
एलिवेटेड कॉरिडोर सराय काले खां को एम्स से जोड़ेगा
करीब 3.5 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर सराय काले खां को एम्स से जोड़ेगा। इसके शुरू होने के बाद मयूर विहार, नोएडा और पूर्वी दिल्ली के अन्य इलाकों से सराय काले खां, एम्स तथा दक्षिणी दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लोगों को सिग्नल-फ्री यात्रा की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रा का समय कम होगा और एनएच-24, डीएनडी फ्लाईवे, रिंग रोड तथा सराय काले खां जैसे प्रमुख ट्रैफिक जाम वाले स्थानों पर दबाव भी घटेगा।
इस परियोजना को वर्ष 2014 में मंजूरी मिली थी और निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ था। हालांकि भूमि अधिग्रहण, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और अन्य तकनीकी कारणों से परियोजना बार-बार विलंबित होती रही। इसी दौरान इसकी लागत भी लगातार बढ़ती गई।
संशोधित अनुमान के अनुसार अब इस परियोजना की कुल लागत 1,635 करोड़ रुपये हो गई है। परियोजना के चालू होने से राजधानी के यातायात नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और पूर्वी तथा दक्षिणी दिल्ली के बीच आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम हो जाएगा।
