Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बुध विहार नाले से पुठ कलां गांव तक रोजाना लगता है घंटों जाम, राहगीर परेशान

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 03:18 AM (GMT+05:30)

    बुध विहार नाले से पूठ कलां गांव तक प्रतिदिन दोपहर और शाम को भीषण जाम लगता है, जिससे हजारों राहगीरों को भारी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण ...और पढ़ें

    बुध विहार नाले से पूठ कलां गांव तक प्रतिदिन दोपहर और शाम को भीषण जाम लगता है।

    बुध विहार नाले से पूठ कलां गांव तक प्रतिदिन दोपहर और शाम को भीषण जाम लगता है।

    HighLights

    1. बुध विहार से पूठ कलां तक रोजाना भीषण जाम।

    2. अतिक्रमण और गलत दिशा में वाहन मुख्य कारण।

    3. ट्रैफिक पुलिस ने स्थानीय थाने से सहयोग मांगा।

    संवाद सूत्र, बाहरी दिल्ली। बुध विहार नाले से पूठ कलां गांव तक करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग पर प्रतिदिन दोपहर और शाम के समय भीषण जाम लगने से हजारों राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वाहन आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक जाम में फंसे रहते हैं। इससे लोगों का समय बर्बाद होता है और आपातकालीन परिस्थितियों में भी आवागमन प्रभावित हो जाता है।

    यह मार्ग मंगोलपुरी से औचंदी बॉर्डर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर पूरे दिन वाहनों का दबाव बना रहता है। सड़क किनारे रेहड़ियों, फल विक्रेताओं, जिम, विवाह वाटिकाओं तथा बड़े किराना प्रतिष्ठानों के कारण वाहनों की आवाजाही और बढ़ जाती है। इसके अलावा गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों के कारण भी जाम की समस्या गंभीर हो जाती है।

    शाम सात से आठ बजे के बीच स्थिति सबसे अधिक खराब

    स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे तथा शाम सात से आठ बजे के बीच स्थिति सबसे अधिक खराब रहती है।स्थानीय निवासी रणबीर और मानविक का आरोप है कि बुध विहार नाले के पास ट्रैफिक पुलिस की तैनाती होने के बावजूद यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती।

    उनका कहना है कि पहले तत्कालीन एसडीएम संतोष राय और बाद में एसडीएम नागेंद्र त्रिपाठी स्वयं मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर चुके हैं, जिससे लोगों को काफी राहत मिली थी। लोगों का कहना है कि नियमित निगरानी और प्रभावी यातायात प्रबंधन से इस समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।

    खबरें और भी

    लगभग रोजाना दोपहर और शाम के समय बुद्ध विहार से पुठ कला तक लंबा जाम लग जाता है, जिससे स्कूल, कार्यालय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। - अजित सोलंकी स्थानीय निवासी

    यह अब रोजमर्रा की समस्या बन गई है। चाहे कोई बीमार हो या किसी को जरूरी काम से जाना हो, उसे जाम में फंसना ही पड़ता है। कई बार मौके पर ट्रैफिक पुलिस भी मौजूद नहीं रहती, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ जाती है। - प्रतीक मित्तल दुकानदार

    पुलिस का पक्ष

    इस संबंध में ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) ने बताया कि इस मार्ग पर जाम का मुख्य कारण सड़क किनारे अतिक्रमण और रेहड़ियों का कब्जा है। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय थाना पुलिस अतिक्रमण हटाने में सहयोग करे, तो ट्रैफिक पुलिस दो क्रेन तथा 8 से 10 अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर यातायात व्यवस्था को काफी हद तक सुचारु बना सकती है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में प्रदर्शन से पर्यटक परेशान, पहाड़गंज के होटलों में 50 प्रतिशत बढ़ी बुकिंग