दिल्ली: आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ तक दौड़ेगी मेट्रो, सेंट्रल विस्टा को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी तेज
केंद्रीय विस्टा को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने का काम जल्द शुरू होगा, जिसमें पेड़ों को हटाने की बाधा दूर हो गई है। दिल्ली सरकार ने इस परियोजना के लिए दिल ...और पढ़ें

केंद्रीय विस्टा को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने का काम जल्द शुरू होगा, जिसमें पेड़ों को हटाने की बाधा दूर हो गई है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सेंट्रल विस्टा क्षेत्र को मेट्रो नेटवर्क से जोडऩे के लिए शीघ्र निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना क्षेत्र में आने वाले वृक्षों से इसके निर्माण कार्य में बाधा नहीं उत्पन्न होगी। इससे संबंधित औपचारिकता को कम समय में पूरा कर लिया जाएगा।
केंद्र सरकार ने दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मेट्रो फेज- पांच(ए) परियोजना को स्वीकृत किया था। इसमें आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ (सेंट्रल विस्टा के रास्ते) कारिडोर भी शामिल है।
9.913 किलोमीटर लंबा आरके आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ कारिडोर सेंट्रल विस्टा क्षेत्र से होकर गुजरेगा और सभी कर्तव्य भवनों को जोड़ेगा। इस कारिडोर में आरके आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, बड़ौदा हाउस, इंडिया गेट, वार मेमोरियल-हाई कोर्ट, भारत मंडपम, और इंद्रप्रस्थ स्टेशन होंगे। 9,570.40 करोड़ रुपये लागत वाली इस परियोजना पर दिल्ली सरकार 2,337.24 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
किसी परियोजना में आने वाले वृक्षों को हटाने की प्रक्रिया पूरी करने में अधिक समय लगने से निर्माण कार्य में देरी होती है। इसे ध्यान में रखकर दिल्ली सरकार ने इस परियोजना के लिए दिल्ली वृक्ष संरक्षण अधिनियम 1994 के अंतर्गत विशेष छूट प्रदान की है। यह छूट नई दिल्ली में 13.24 हेक्टेयर क्षेत्र पर लागू होगी।
इससे परियोजना में आने वाले 405 वृक्षों को हटाने में मदद मिलेगी। वृक्ष अधिकारी को एक हेक्टेयर तक वृक्ष हटाने की अनुमति देने का अधिकार है। मेट्रो परियोजना बड़ी है। इस कारण अधिनियम के अंतर्गत विशेष इस प्रविधान में छूट मिलेगी। इस छूट के बाद भी वृक्ष प्रत्यारोपण या उसे काटने के आवेदन का निपटारा नियमों और अदालत के निर्देश के अनुसार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: सावधान! दिल्ली में जनगणना के नाम पर सक्रिय हुए साइबर ठग, घर आने वाले गणनाकर्ता का 'QR कोड' जरूर करें स्कैन