Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली के चाचा नेहरू अस्पताल में हो सकेगी नवजातों की हार्ट सर्जरी, हजारों परिवारों को मिलेगा बड़ा लाभ

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 11:16 AM (IST)

    चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय जल्द ही यमुनापार का पहला सरकारी अस्पताल बनेगा जहां नवजात शिशुओं की हार्ट सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी। ...और पढ़ें

    चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय।

    चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय।

    HighLights

    1. चाचा नेहरू अस्पताल में नवजात हार्ट सर्जरी सुविधा जल्द शुरू होगी।

    2. यमुनापार का पहला सरकारी अस्पताल बनेगा यह विशिष्ट केंद्र।

    3. हजारों परिवारों को मिलेगा समय पर जीवनरक्षक इलाज का लाभ।

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर सहित यमुनापार के हजारों परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय (सीएनबीसी) जल्द ही यमुनापार का पहला सरकारी अस्पताल बन जाएगा, जहां नवजात शिशुओं की हार्ट सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होगी।

    अभी तक इस तरह की जटिल सर्जरी के लिए मरीजों को एम्स, सफदरजंग, जीबी पंत या निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, लेकिन नई सुविधा शुरू होने के बाद इलाज यमुनापार में ही संभव हो सकेगा।

    अस्पताल प्रशासन के अनुसार कार्डियक सर्जरी यूनिट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, पीडियाट्रिक कार्डियक आइसीयू, वेंटिलेटर और अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरण लगाए जा रहे हैं।

    विशेषज्ञ डाक्टरों और तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद यूनिट को शुरू कर दिया जाएगा। डॉक्टरों के मुताबिक जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित कई नवजात बच्चों के लिए जन्म के कुछ घंटे और शुरुआती दिन बेहद महत्वपूर्ण होते हैं।

    समय पर सर्जरी नहीं होने पर उनकी जान तक खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में रेफरल और अस्पताल बदलने में लगने वाला समय कई बार इलाज में बाधा बन जाता है। अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा और नवजातों की जान बचाने की संभावना भी बढ़ेगी।

    दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य स्थानों के लोगों को भी होगा लाभ

    चाचा नेहरू अस्पताल में सिर्फ यमुनापार ही नहीं गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बागपत और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से मरीज आते हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नई यूनिट शुरू होने के बाद बच्चों में जन्मजात हृदय विकार, वाल्व संबंधी बीमारियों और अन्य जटिल हृदय रोगों का इलाज एक ही परिसर में उपलब्ध होगा।

    मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि नवजात बच्चों की हार्ट सर्जरी जैसी सुपर स्पेशलिटी सुविधा का यमुनापार में शुरू होना सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

     

    खबरें और भी