विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एनकाउंटर में छैनू गिरोह का खूंखार अपराधी हाजी वसीम गिरफ्तार, दिल्ली दंगों का कनेक्शन भी उजागर

Updated: Tue, 25 Aug 2026 10:12 AM (IST)

Delhi Akshardham Road Encounter: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात छैनू गिरोह के वांछित अपराधी हाजी वसीम को मयूर विहार फ्लाईओवर के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।

छैनू गिरोह का खूंखार अपराधी हाजी वसीम मुठभेड़ में गिरफ्तार। AI जनरेटेड

छैनू गिरोह का खूंखार अपराधी हाजी वसीम मुठभेड़ में गिरफ्तार। AI जनरेटेड

HighLights

  1. हाजी वसीम को मयूर विहार फ्लाईओवर के पास मुठभेड़ में पकड़ा गया।

  2. 2020 दिल्ली दंगों में शाहरुख पठान को हथियार दिए थे।

  3. अवैध पिस्टल, कारतूस और एक स्विफ्ट कार बरामद हुई।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। Delhi Akshardham Encounter: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात गैंगस्टर छैनू गिरोह के खूंखार और वांछित अपराधी हाजी वसीम को सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक अवैध पिस्टल, तीन कारतूस, दो चले हुए कारतूस और एक स्विफ्ट कार बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश 2020 के उत्तर-पूर्व दिल्ली दंगों के दौरान पुलिसकर्मी पर पिस्टल तानने वाले शाहरुख पठान को हथियार सप्लाई करने का भी आरोपी है।

मयूर विहार फ्लाईओवर के पास हुई मुठभेड़

इंस्पेक्टर मान सिंह और इंस्पेक्टर सुंदर गौतम की टीम को सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी मयूर विहार फ्लाईओवर की तरफ आ रहा है। पुलिस टीम ने 24 अगस्त की रात करीब 12 बजे अक्षरधाम की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाश यूपी नंबर की स्विफ्ट कार से उतरकर भागने लगा।

पुलिस की चेतावनी के बावजूद आरोपी ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में हेड कॉन्स्टेबल रवीश कुमार और कॉन्स्टेबल दीपक ने हवा में फायरिंग की। इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर हाजी वसीम को दबोच लिया और उसके हाथ से अवैध हथियार छीन लिया। फायरिंग में किसी के हताहत नहीं है।

हत्या, दंगे और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में शामिल

पकड़ा गया आरोपी 40 वर्षीय वसीम उर्फ हाजी वसीम, निवासी लिसड़ी गेट, मेरठ का रहने वाला है। वह दिल्ली के छावला क्षेत्र में हुई हालिया फायरिंग और सीलमपुर में दर्ज हत्या के मामले में वांछित चल रहा था।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में एनकाउंटर, ऑटो में महिला से कुंडल ठगने वाले दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है

दिल्ली दंगे (2020): थाना जाफराबाद में दर्ज मामला (FIR No. 51/2020), जिसमें उसने शाहरुख पठान को हथियार मुहैया कराया था।
हत्या व हत्या का प्रयास: थाना गीता कॉलोनी में हत्या (2016) और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में हत्या के प्रयास (2013) के मामले।
आर्म्स एक्ट: स्पेशल सेल और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में अवैध हथियारों से जुड़े मामले।

बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज

क्राइम ब्रांच ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 109(1) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसीपी संजय कुमार नागपाल (ARSC) के अनुसार, आरोपी से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।