पश्चिमी दिल्ली के छावला में जिम पर गोलीबारी, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के बदमाश का हाथ होने की आशंका
पश्चिमी दिल्ली के छावला में एक जिम पर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चलाईं, जिससे शटर और कांच का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि जिम बंद होने के का ...और पढ़ें

पश्चिमी दिल्ली के छावला में जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग।
HighLights
छावला में बंद जिम पर अज्ञात बदमाशों ने चलाई गोलियां।
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह पर रंगदारी मांगने का संदेह।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए टीमें बनाईं।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। छावला थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक जिम को निशाना बनाते हुए गोलियां चला दी। गनीमत यह रही कि वारदात के समय जिम बंद था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस को अंदेशा है कि इस हमले के पीछे कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ है, क्योंकि हाल ही में जिम मालिक के दोस्त से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार तड़के की है। इसका पता तब चला जब जिम कर्मचारी सुबह जिम खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि लोहे के शटर पर गोलियों के छेद थे और भीतर का कांच का दरवाजा चकनाचूर होकर बिखरा पड़ा था। जिम मालिक को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की
जांच में पता चला कि बदमाशों ने कम से कम तीन राउंड फायरिंग की थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिम मालिक के एक करीबी दोस्त को हाल ही में एक काल आया था। फोन करने वाले ने खुद को हैरी बाक्सर बताया, जो जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी माना जाता है।
छवला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हमने जांच के लिए कई टीमें गठित की हैं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सूत्रों की मदद से हमलावरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।