विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NDMC का बड़ा कदम: कनॉट प्लेस इनर सर्किल में बंद होगी गाड़ियों की एंट्री, व्यापारियों से मांगे सुझाव

Published: Thu, 03 Sep 2026 11:09 AM (IST)

नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) कनॉट प्लेस के इनर सर्किल को फिर से वाहन मुक्त करने की तैयारी में ...और पढ़ें

कनॉट प्लेस को फिर से वाहन मुक्त करने की तैयारी। AI जनरेटेड

कनॉट प्लेस को फिर से वाहन मुक्त करने की तैयारी। AI जनरेटेड

HighLights

  1. एनडीएमसी कनॉट प्लेस इनर सर्किल को वाहन मुक्त करने की तैयारी में।

  2. चेयरमैन ने लोगों, व्यापारियों और हितधारकों से मांगे हैं सुझाव।

  3. सांस्कृतिक कार्यक्रमों से कनॉट प्लेस को मनोरंजन केंद्र बनाने की योजना।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के दिल कनॉट प्लेस को फिर से वाहन मुक्त करने की तैयारी है। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के चेयरमैन ने इनर सर्किल में वाहनों की आवाजाही सीमित करने को लेकर लोगों, व्यापारियों और अन्य हितधारकों से सुझाव मांगे हैं।

बताया कि इसमें मौसम के अनुसार, नो-व्हीकल जोन के लिए समय तय करने और सप्ताहांत में इसकी अवधि बढ़ाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।

कनॉट प्लेस के इनर सर्किल को वाहनमुक्त करने की कवायद पहली बार नहीं हो रही है। इससे पहले भी एनडीएमसी ने अलग-अलग मौकों पर योजना और ट्रायल किए हैं, लेकिन यह व्यवस्था स्थायी रूप नहीं ले सकी।

व्यापारियों की ओर से विरोध के अलावा ग्राहकों के वाहनों की पहुंच, पार्किंग और आसपास की सड़कों पर यातायात बढ़ने जैसी चिंताएं भी सामने आती रही हैं। कारोबारियों का कहना रहा है कि वाहन प्रतिबंध से दुकानों और प्रतिष्ठानों तक ग्राहकों की पहुंच प्रभावित हो सकती है।

समय को लेकर मांगी जा रही राय

इस बार एनडीएमसी की कोशिश सीधे व्यवस्था लागू करने के बजाय पहले सुझाव लेने की है। गर्मियों में शाम के समय और सर्दियों में दिन के समय इनर सर्किल को वाहनमुक्त करने का विकल्प रखा जा सकता है। सप्ताहांत में अधिक अवधि तक नो-व्हीकल जोन रखने पर भी विचार हो रहा है। इसका उद्देश्य पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल देना तथा कनॉट प्लेस में लोगों के ठहराव को बढ़ाना है।

सेंट्रल पार्क में होंगे आयोजन

वाहनमुक्त अवधि को सिर्फ वाहनों पर रोक तक सीमित नहीं रखने की योजना है। इनर सर्किल और सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत, स्ट्रीट परफॉर्मेंस, कला प्रदर्शनियां, योग, बच्चों की गतिविधियां और हेरिटेज वॉक जैसे आयोजन किए जा सकते हैं। इससे कनॉट प्लेस को खरीदारी के साथ मनोरंजन और सार्वजनिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास होगा।

पार्किंग और कारोबार सबसे बड़ी चुनौती

योजना लागू करने से पहले पार्किंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था करना जरूरी होगा। टैक्सी-ऑटो के लिए पिक एंड ड्राप प्वाइंट, आपातकालीन वाहनों की आवाजाही और बुजुर्गों व दिव्यांगों के लिए सुगम पहुंच सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही आसपास की सड़कों पर यातायात के दबाव का आकलन भी करना होगा।

एनडीएमसी के सामने इस बार सबसे बड़ी चुनौती व्यापारियों को साथ लेकर चलने की होगी। ऐसे में पहले सीमित अवधि का ट्रायल कर उसके असर का आकलन किया जा सकता है। फुटफॉल, कारोबार, पार्किंग और यातायात पर पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर आगे की व्यवस्था तय की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- कनॉट प्लेस के एस्केलेटर को मिलेगी सुरक्षा, एनडीएमसी खर्च करेगी 3.81 करोड़