दिल्ली में मेहंदी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग, बालकनी में खड़ी महिला को लगी गोली; हालत गंभीर
पूर्वी दिल्ली के दयालपुर में एक मेहंदी समारोह के दौरान डीजे पर नाच रहे एक अज्ञात युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी। गोली पड़ोस की बालकनी में खड़ी एक महिला को ...और पढ़ें
-1776012711531_m.webp)
मेहंदी समारोह में हर्ष फायरिंग। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
मेहंदी समारोह में डीजे पर हर्ष फायरिंग हुई।
गोली लगने से पड़ोस की महिला गंभीर रूप से घायल।
पुलिस ने आयोजक परिवार को हिरासत में लिया, शादी टली।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दयालपुर इलाके की गली नंबर-1 में शनिवार रात एक युवती की शादी से पूर्व मेहंदी समारोह के दौरान डीजे पर नाच रहे एक अज्ञात युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी।
गोली पड़ोस के मकान की बालकनी में खड़ी महिला को जा लगी। महिला की हालत जीटीबी अस्पताल में गंभीर बनी हुई है। वारदात को अंजाम देकर युवक वहां से फरार हो गया। दयालपुर थाना पुलिस ने समारोह आयोजित करने वाले परिवार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गली नंबर एक निवासी परिवार यहां किराए पर रहता है। उनकी बेटी की शादी रविवार को होनी थी। उससे पहले शनिवार को मेहंदी समारोह हो रहा था। समारोह में डीजे पर कई युवक डांस कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी।
सीसीटीवी फुटेज से तलाश जारी
दो राउंड फायरिंग की गई, जिनमें से एक गोली पास के मकान की बालकनी में खड़ी महिला को लग गई। पुलिस के अनुसार परिवार को पता ही नहीं है कि फायरिंग करने वाला युवक कौन था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से युवक की तलाश कर रही है।
उधर, पुलिस परिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। परिवार के सदस्यों के पुलिस हिरासत के चलते शादी भी स्थगित कर दी गई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि परिवार बिना गलती के पिस गया, जबकि बाहर से आया युवक फायरिंग करके फरार हो गया। उन्होंने दयालपुर पुलिस पर परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें- युवकों ने दूल्हे के हाथ में थमाई तीन पिस्टल, सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें- दरवाजे में लगने वाली थी बरात, तभी चलने लगी गोली; भोजपुर में हर्ष फायरिंग के दौरान 2 बराती घायल