पहले दिन कुछ ही घंटों में बिक गए डीडीए के फ्लैट्स, 'कर्मजीवी आवास योजना' को मिल रहा बंपर रिस्पॉन्स
डीडीए की नई 'कर्मजीवी आवास योजना 2026' स्वतंत्रता दिवस पर शुरू हुई और पहले ही दिन 50% से अधिक रेडी-टू-मूव फ्लैट बिक गए। वन बीएचके फ्लैट कुछ ही घंटों में बिक गए, जबकि नरेला में 25% छूट के साथ किफायती घर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

डीडीए की कर्मजीवी आवास योजना को बंपर रिस्पॉन्स।
HighLights
योजना के पहले दिन 50% से अधिक फ्लैट बिके।
वन बीएचके फ्लैट कुछ ही घंटों में पूरी तरह बिक गए।
नरेला में 25% छूट पर किफायती घर उपलब्ध।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की नई ''कर्मजीवी आवास योजना 2026'' ने स्वतंत्रता दिवस पर शुरुआत के साथ सफलता की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। छूट दरों पर पेश की गई इस योजना के पहले ही दिन 50 प्रतिशत से अधिक रेडी-टू-मूव फ्लैट हाथों-हाथ बिक गए। सर्वाधिक होड़ वन बीएचके फ्लैटों को लेकर देखने को मिली, जो बुकिंग होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर पूरी तरह बिक हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एलजी तरनजीत सिंह संधु के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह योजना ''पहले आओ, पहले पाओ'' के आधार पर खोली गई थी। डीडीए द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, 1,218 फ्लैटों में से 661 फ्लैट पहले ही दिन बुक कर लिए गए। वन बीएचके के तुरंत बिक जाने के अलावा टू बीएचके और थ्री बीएचके श्रेणियों में भी खरीदारों ने खासी दिलचस्पी दिखाई।
25% छूट के साथ नरेला में मिल रहे आशियाने
इस योजना के तहत डीडीए नरेला के पाकेट-11, सेक्टर ए1-ए4 में स्थित फ्लैटों पर सीधे 25 प्रतिशत की विशेष छूट दे रहा है। छूट के बाद वन बीएचके फ्लैट की शुरुआती कीमत 33.40 लाख रुपए, टू बीएचके की 75.55 लाख रुपए और थ्री बीएचके फ्लैट की कीमत 1.065 करोड़ रुपए तय की गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य कार्यरत और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ कार्पोरेट, व्यवसाय और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों को दिल्ली में किफायती घर उपलब्ध कराना है।
नरेला बना नया प्राइम लोकेशन
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भी डीडीए ने 1,020 करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित करते हुए 1,284 फ्लैट बेचे थे, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत (1,153 फ्लैट) अकेले नरेला क्षेत्र में थे। नरेला के प्रति लोगों का यह बढ़ता आकर्षण वहां सुधरती कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से है। यह आवास योजना आगामी मेट्रो स्टेशन से मात्र 1.2 किमी, प्रस्तावित आरआरटीएस स्टेशन से 1.9 किमी और नरेला स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स से दो किमी की दूरी पर स्थित है। साथ ही, जीटी करनाल रोड, यूईआर-I और यूईआर-II के नजदीक होने के कारण यहां से आवाजाही बेहद आसान है।

