पत्नी के प्रेमी की हत्या करने गया था शख्स, गलत पहचान के चलते कर दी सहकर्मी की हत्या
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के प्रेमी को मारने के इरादे से उसके सहकर्मी अनिल कुमार की चाकू मारकर हत्या कर दी। सीसीटीवी में कैद हुई इस वारदात में सफाई कर्मचारी अनिल की पहचान गलती से हो गई, जबकि असली निशाना उसका सहकर्मी गुलशन था।
-1786885027031_m.webp)
कल्याणपुरी में गलत पहचान के चलते सफाईकर्मी की हत्या।
HighLights
कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी अनिल कुमार की चाकू मारकर हत्या।
आरोपित पत्नी के प्रेमी को मारने आया था, हुई गलत पहचान।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, आरोपित फरार, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। कल्याणपुरी इलाके में रविवार को दिनदहाड़े एक व्यक्ति ने सफाई कर्मचारी की चाकू से सात वार करके हत्या कर दी। सफाई कर्मचारी ने खुद को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन आरोपित को उसपर जरा रहम नहीं आया। सड़क पर लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने सफाई कर्मचारी को नहीं बचाया। वह तमाशबीन बने रहे।
करीब दस मिनट तक कर्मचारी खून से लथपथ सड़क पर तड़पता रहा। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को जांंच में पता चला कि आरोपित अपनी पत्नी के प्रेमी गुलशन की हत्या करने गया था, पहचान न होने के चलते उसके सहकर्मी की हत्या कर दी। अनिल और उसके सहकर्मी की शकल बहुत मिलती है।
अनिल अपने परिवार के साथ खोड़ा कॉलोनी में रहते थे। परिवार में माता-पिता, भाई व बहन है। अनिल की शादी नहीं हुई थी। निगम के लिए यमुनापार में कूड़ा उठाने वाली कंपनी मेट्रो वेस्ट में पिछले एक साल से सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रहे थे। उनकी ड्यूटी कल्याणपुरी क्षेत्र में चल रही थी।
सहकर्मी गुलशन कूड़ा उठाने वाली गाड़ी चलाता था
वह कूड़ा उठाते और उनका सहकर्मी गुलशन कूड़ा उठाने वाली गाड़ी चलाता था। सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है अनिल रविवार सुबह 7:20 बजे कल्याणपुरी 16 ब्लाक में सड़क से कूड़ा उठाकर टिपर में भर रहे हैं। तभी पीले की रंग की टी-शर्ट पहने पैदल एक व्यक्ति आया।
उसने कमर के पीछे से बड़ा चाकू निकाला और अनिल के पास जाते ही वार करने शुरू कर दिए। गर्दन व पेट पर सात बार चाकू से वार किए। थप्पड़ व लात भी मारी। वारदात के बाद आरोपित बहुत ही आराम से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने ही घायल को एलबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात से कुछ ही देर पहले सहकर्मी गाड़ी से उतरकर पैदल आगे चला गया था
मृतक का सहकर्मी गुलशन एलबीएस अस्पताल में शवगृह पर मौजूद था। उसने मीडियाकर्मियों को बताया कि वारदात से कुछ देर पहले टिपर को सड़क किनारे खड़ा करके पैदल डलावघर पर कूड़ा देखने गया था। हादसे वाली जगह से कुछ दूर आगे की डलावघर है। उसने कहा कि लूट के लिए बदमाश ने अनिल की हत्या की है। वारदात के तीन घंटे के बाद पुलिस एलबीएस अस्पताल से गुलशन को अपने साथ थाने ले गई।
पुलिस सूत्रों का दावा है कि गुलशन को उसकी प्रेमिका ने पहले ही बता दिया था कि पति उसकी हत्या करने के लिए उसे ढूंढ रहा है। आशंका है कि गुलशन को भनक लग गई थी प्रेमिका का पति आने वाला है, इसलिए वह टिपर से उतरकर पहले ही चला गया था। महिला घरों से कूड़ा उठाने का काम करती है और उसका पति गाड़ी धोने का काम करता था।
कल्याणपुरी थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपित की पहचान हो गई है, वह फरार है उसे तलाश किया जा रहा है। जांच में पता चला कि आरोपित किसी दूसरे की हत्या करने आया था, लेकिन गलत पहचान के चलते अनिल को मार दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। - राजीव कुमार, पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त
यह भी पढ़ें- बिहार से दिल्ली-पंजाब तक दौड़ेंगी 149 नई डीलक्स बसें, 78 पटना पहुंचीं; किन रूटों पर चलेंगी?

