दिल्ली में प्रदूषण पर BJP-AAP आमने-सामने, पराली से लेकर AQI मॉनिटरिंग स्टेशन तक छिड़ी जुबानी जंग
दिल्ली में वायु प्रदूषण पर भाजपा और आप के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा ने पंजाब में पराली ...और पढ़ें

रिंग रोड पर रााजघाट के पास छाया घना स्माॅग। हरीश कुमार
HighLights
भाजपा ने पंजाब सरकार पर पराली आंकड़े छिपाने का आरोप लगाया।
आप ने दिल्ली सरकार पर AQI डेटा में हेरफेर का दावा किया।
पराली जलाने के लिए मध्य प्रदेश को जिम्मेदार ठहराया आप ने।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में वायु प्रदूषण के लगातार बिगड़ते हालात को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक तरफ जहां भाजपा ने पंजाब सरकार पर पराली जलाने के आंकड़े छिपाने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी तरफ आप ने दिल्ली सरकार पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मॉनिटरिंग स्टेशनों के पास पानी छिड़ककर आंकड़ों में हेरफेर करने का दावा किया है।
पंजाब में जल रही पराली, आंकड़े छिपा रही आप सरकार: सिरसा
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब की आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार प्रदूषण कम करने के लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन पंजाब में पराली जलने की घटनाएं इन कोशिशों पर पानी फेर रही हैं। उन्होंने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में राजनीतिक नियुक्तियों का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली आप प्रवक्ता रीना गुप्ता को इसका अध्यक्ष बनाया गया है।
फसल अवशेष प्रबंधन के आंकड़ों पर सवाल
सिरसा के अनुसार, पंजाब पुलिस और सरकारी आंकड़ों में भारी अंतर है। सैटेलाइट आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच पंजाब में पराली जलाने की 933 घटनाएं दर्ज हुईं, जबकि 1 नवंबर को अकेले पंजाब में 175 मामले सामने आए। इसके अलावा, केंद्र सरकार द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन के लिए दिए गए करोड़ों रुपये के फंड का उपयोगिता प्रमाण पत्र भी पंजाब सरकार जमा नहीं करा पाई है।
पंजाब में पराली जलाने के मामलों में 95 प्रतिशत तक की कमी: आप
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए पंजाब के किसानों को बदनाम करने का आरोप लगाया है। आप का दावा है कि भगवंत मान सरकार ने किसानों के सहयोग से पराली जलाने की घटनाओं में 90 से 95 प्रतिशत तक की कमी की है। पिछले साल जहां करीब पांच हजार मामले दर्ज हुए थे, वहीं इस साल यह संख्या घटकर लगभग एक हजार रह गई है।
आप ने लगाया मध्य प्रदेश पर आरोप
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि देश की कुल पराली जलाने की 52 प्रतिशत घटनाएं मध्य प्रदेश में हो रही हैं और उत्तर प्रदेश में भी मामले बढ़ रहे हैं। आप नेताओं ने मांग की कि भाजपा अपनी नाकामियों को छिपाने के बजाय दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए।
मॉनिटरिंग स्टेशन के पास पानी छिड़ककर रीडिंग घटाने का आरोप
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार पर वायु प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। आप ने एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि जहांगीरपुरी स्थित आईआईटी के एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन के ठीक आसपास पानी का छिड़काव किया जा रहा है ताकि प्रदूषण की रीडिंग कम दर्ज हो सके।
पार्टी का कहना है कि मॉनिटरिंग स्टेशन के पास पानी डालने से धूल के कण नीचे बैठ जाते हैं, जिससे वास्तविक वायु गुणवत्ता का सही आकलन प्रभावित होता है। सौरभ भारद्वाज ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।