दिल्ली एयरपोर्ट से दमन के लिए अब सीधी उड़ान, 27 राज्यों-5 UT से जुड़ीं नॉन-स्टॉप फ्लाइट; एविएशन हब बना
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से दमन के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है, जिससे एयरपोर्ट की घरेलू कनेक्टिविटी 90 गंतव्यों तक पहुंच गई है। ...और पढ़ें

Delhi Airport से दमन के लिए सीधी उड़ान। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिल्ली एयरपोर्ट से दमन के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू
एलायंस एयर ने दिल्ली से दमन के लिए उड़ानें शुरू कीं
दिल्ली एयरपोर्ट अब 32 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों से जुड़ा
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के आइजीआइ एयरपोर्ट से दमन के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई है। एलायंस एयर द्वारा संचालित इस नई सेवा के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से देश के 90 घरेलू गंतव्यों के लिए सीधी उड़ान उपलब्ध हो गई है।
इनमें सर्दियों के मौसम में संचालित होने वाले खजुराहो और जैसलमेर भी शामिल हैं। नई सेवा शुरू होने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट देश का एकमात्र ऐसा हवाई अड्डा बन गया है, जहां से देश के 36 में से 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए सीधी हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध है।
डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप पनिक्कर ने कहा कि एयरपोर्ट भविष्य में भी एयरलाइन कंपनियों के साथ मिलकर नए गंतव्यों को जोड़ने का प्रयास जारी रखेगा।
हर दिन 1050 से अधिक घरेलू उड़ानों का संचालन
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के अनुसार, दिल्ली एयरपोर्ट से अब 27 राज्यों और पांच केंद्रशासित प्रदेशों तक नान-स्टाप उड़ानों की सुविधा है। इससे राजधानी देश का सबसे बड़ा और सबसे व्यापक घरेलू विमानन केंद्र बनकर और मजबूत हुई है।
एयरपोर्ट से प्रतिदिन 1050 से अधिक घरेलू उड़ानों का संचालन होता है, जबकि हर महीने 50 लाख से अधिक घरेलू यात्री यहां से यात्रा करते हैं। इनमें करीब 10 लाख यात्री ऐसे हैं, जो दिल्ली के माध्यम से एक शहर से दूसरे शहर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेते हैं।