अमर कॉलोनी रेस्तरां गोलीकांड मामले में क्राइम ब्रांच को जांच के आदेश, आरोपी पर वयस्क की तरह चलेगा मुकदमा
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी में युवती को घूरने का विरोध करने पर 17 वर्षीय किशोर को गोली मारी गई, जिसकी हालत नाजुक है। ...और पढ़ें

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी में युवती को घूरने का विरोध करने पर 17 वर्षीय किशोर को गोली मारी गई। फाइल फोटो
HighLights
17 वर्षीय किशोर को रेस्तरां में गोली मारी गई।
पुलिस ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी, हालत नाजुक।
आरोपी पर वयस्क की तरह मुकदमा चलाने की तैयारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी जिला के अमर कालोनी इलाके के एक रेस्तरां में युवती को घूरने का विरोध करने पर 17 साल किशोर के सिर में गोली मारने के मामले को पुलिस आयुक्त ने जिला पुलिस से हटाकर क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। इसके साथ ही, पुलिस इस मामले मेें पकड़े गए मुख्य आरोपित 16 साल के किशोर के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में एक याचिका दायर करने पर विचार कर रही है, ताकि अपराध की गंभीरता और उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए उस पर वयस्क के रूप में मुकदमा चलाया जा सके।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक गोली लगने से घायल किशोर साई कुमार की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है। वह अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। उसका एम्स ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। वारदात में मुख्य आरोपित ओखला के श्याम नगर का रहने वाला 16 साल का किशोर समेत तीन अन्य आरोपित थे। पुलिस को आशंका है कि इनमें दो नाबालिग और एक बालिग है। ये तीनों फरार हैं। क्राइम ब्रांच इन तीनों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
आरोपितों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें हरियाणा और पड़ोसी राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं। पकड़े गए किशोर का पुराना आपराधिक रिकार्ड है। वह कालकाजी में हत्या के प्रयास के एक मामले में भी शामिल रहा है। इसी पृष्ठभूमि और अपराध की भयावहता को देखते हुए पुलिस जेजे बोर्ड के समक्ष उसे वयस्क घोषित करने की अर्जी देने पर विचार कर रही है।
पुलिस ने जब किशोर से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में पूछताछ की, तो उसने बताया कि पिस्टल उसे एक ऐसे शख्स ने मुहैया कराई थी जो फरार है। पुलिस अब इस अवैध हथियार के सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है और उन लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने वारदात से पहले और बाद में आरोपितों की मदद की थी। इस पूरे मामले में चश्मदीद और मुख्य गवाह बनी लड़की का बयान पुलिस ने दर्ज कर लिया है।
खबरें और भी
अपने बयान में उसने उस खौफनाक मंजर की पूरी कहानी बयां की है। किशोरी ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ रेस्तरां में बैठी थी, तभी वहां मौजूद लड़कों में से एक ने मेरी बगल वाली कुर्सी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और घूरना शुरू कर दिया। जब साई ने इस पर आपत्ति जताई, तो वह लड़का साई को घूरने लगा और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा।
इसके बाद, साई ने मुझसे कहा कि उससे जल्दी से खाना खत्म कर वहां से निकलने की बात कही। वे लो कुछ देर के लिए वहां से चले गए। लेकिन थोड़ी ही देर बाद वापस लौट आए। जिस लड़के ने साई को गाली दी उसने साई की जान लेने की नीयत से उसके सिर के पीछे गोली मार दी।
वारदात के बाद वहां मौजूद लोगों ने जब उन लोगों को पकड़ने की कोशिश की, तो वे हवा में हथियार लहराते और डराते हुए मौके से फरार हो गए। इससे पहले साई कुमार के परिवार ने भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने हमले से ठीक पहले लड़की को घूरते हुए उस पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की थीं और विरोध करने पर साई पर हमला किया।