दिल्ली विधानसभा परिसर में बनेगा म्यूजियम और एक्सपीरियंस सेंटर, 1912 से लोकतंत्र के सफर की कहानी दिखेगी
दिल्ली विधानसभा परिसर में जल्द ही एक आधुनिक और अत्याधुनिक संग्रहालय स्थापित किया जाएगा। यह संग्रहालय दिल्ली के विधायी इतिहास, संवैधानिक विरासत और स्थापत्य धरोहर को आम लोगों तक पहुंचाएगा।

दिल्ली विधानसभा परसिर में बनेगा म्यूजियम। फोटो: आर्काइव
HighLights
दिल्ली विधानसभा परिसर में आधुनिक संग्रहालय स्थापित होगा
विधायी इतिहास, संवैधानिक विरासत को आमजन तक पहुंचाएगा
दुर्लभ दस्तावेज, ऐतिहासिक कलाकृतियां होंगी मुख्य आकर्षण
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक परिसर में जल्द ही एक आधुनिक और अत्याधुनिक संग्रहालय स्थापित किया जाएगा।
इसके माध्यम से इस महत्वपूर्ण विधायी केंद्र के इतिहास, संवैधानिक विरासत और स्थापत्य धरोहर को आम लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद के दौरान यह जानकारी दी।
दुर्लभ दस्तावेज और कलाकृतियां होंगी आकर्षण
प्रस्तावित संग्रहालय में दुर्लभ ऐतिहासिक कलाकृतियां, अभिलेखीय दस्तावेज और आजादी से पहले तथा बाद में विधानसभा के विकासक्रम से जुड़ी सामग्री प्रदर्शित की जाएगी।
संवादात्मक प्रदर्शनियों के जरिए आगंतुकों को विधायी इतिहास और लोकतांत्रिक व्यवस्था के विकास की जानकारी भी दी जाएगी। संग्रहालय के माध्यम से दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक सफर को आम लोगों के सामने प्रस्तुत करने की योजना है।
एक्सपीरियंस सेंटर के रूप में बनाया जाएगा
विधानसभा सचिवालय के युवा संपर्क कार्यक्रम के तहत आयोजित संवाद में विभिन्न कॉलेजों के छात्रों ने विधानसभा परिसर का दौरा किया।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रस्तावित संग्रहालय को केवल ऐतिहासिक वस्तुओं के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसे युवाओं, शोधार्थियों और आम नागरिकों के लिए एक्सपीरियंस केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है।
1912 में बने हिस्सों को किया जाएगा विकसित
वर्ष 1912 में निर्मित इस ऐतिहासिक परिसर के कुछ हिस्सों को सुव्यवस्थित कर विषयवस्तु आधारित सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित करने की योजना है।
इसका उद्देश्य लोगों को देश के विधायी इतिहास और लोकतांत्रिक संस्थाओं के विकास से सीधे जोड़ना है। संग्रहालय के जरिए विधानसभा परिसर की ऐतिहासिक और संवैधानिक विरासत को अधिक व्यापक रूप से लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है।
डीयू के छात्रों ने किया विधानसभा परिसर का दौरा
कार्यक्रम में भगिनी निवेदिता कॉलेज, शिवाजी कॉलेज, राजधानी कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, पीजीडीएवी कॉलेज, शहीद भगत सिंह कॉलेज और हंसराज कॉलेज के छात्र शामिल हुए।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बस ऑपरेटरों के लिए नए नियम लागू, पैनिक बटन-ट्रैकिंग डिवाइस के बिना एंट्री बैन; रूल तोड़ा तो परमिट कैंसिल
यह भी पढ़ें- पश्चिम दिल्ली को मिलेगा जाम से छुटकारा, पालम और शाहाबाद में बनाए जा रहे अंडरपास; नारायणा में बनेगा नया FOB
