पश्चिम दिल्ली को मिलेगा जाम से छुटकारा, पालम और शाहाबाद में बनाए जा रहे अंडरपास; नारायणा में बनेगा नया FOB
दिल्ली के पालम, शाहाबाद मोहम्मदपुर और नारायणा में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इन अंडरपास ...और पढ़ें

पालम क्रासिंग पर आरयूबी निर्माण का चल रहा कार्य। फोटो: सुधी पाठक
HighLights
पालम, शाहाबाद मोहम्मदपुर में रेलवे अंडरपास का निर्माण जारी है
नारायणा में पैदल यात्रियों के लिए फुट ओवरब्रिज बन रहा है
परियोजनाएं लाखों लोगों का सफर सुरक्षित और आसान बनाएंगी
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। राजधानी में रेलवे लाइन पार करने की दैनिक चुनौती से जूझ रहे लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली के व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाकों पालम, शाहाबाद मोहम्मदपुर और नारायणा में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और स्थानीय ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए निर्माण कार्य तेजी से जारी हैं।
उत्तर रेलवे द्वारा एमसीडी और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से चलाए जा रहे इन परियोजनाओं के पूरा होने से वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित और बाधा मुक्त हो जाएगी। न केवल यातायात जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा, बल्कि पूरे इलाके की कनेक्टिविटी और सड़क सुरक्षा में अभूतपूर्व सुधार आएगा।
जाम और हादसों की समस्या से मिलेगी स्थायी मुक्ति
अभी तक पालम और शाहाबाद मोहम्मदपुर स्थित रेलवे फाटकों पर ट्रेन आने के दौरान ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया जाता था। पीक आवर्स के दौरान यहां दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं, जिससे यात्रियों का कीमती समय और ईंधन बर्बाद होता था।
एम्बुलेंस और स्कूल बसों को भी घंटों फंसे रहना पड़ता है। वहीं, नारायणा में रेलवे लाइन पार करने के दौरान हादसों का जोखिम बना रहता था। इन निर्माणाधीन परियोजनाओं के पूरा होते ही फाटक पर रुकने की मजबूरी खत्म होगी। अभी तीनों ही स्थानाें पर काम तेजी से चल रहा है।
परियोजनाओं का विवरण, लागत और निर्माण स्थिति
- पालम व शाहाबाद मोहम्मदपुर (रेलवे अंडरपास): यहां वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए कम ऊंचाई वाले रेलवे अंडरपास बनाए जा रहे हैं। इसी वर्ष शुरू हुआ निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है।
- नारायणा (फुट ओवरब्रिज): पैदल यात्रियों और स्थानीय कामगारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे लाइन के ऊपर एक आधुनिक फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है।
- कुल अनुमानित लागत: इन तीनों परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 60 करोड़ का खर्च आने का अनुमान है। इसमें अंडरपास निर्माण पर औसतन 25-30 करोड़ प्रति प्रोजेक्ट और फुट ओवरब्रिज पर लगभग 5-8 करोड़ की लागत शामिल है।
किन-किन काॅलोनियों को पहुंचेगा लाभ
इन परियोजनाओं के पूरा होने से एक विशाल आबादी को सीधा फायदा मिलेगा। पालम अंडरपास बन जाने से पालम गांव, पालम एक्सटेंशन, राज नगर (पार्ट 1 और 2), साधना एन्क्लेव, महावीर एन्क्लेव तथा द्वारका सेक्टर-1 व कैंट से जुड़ी काॅलोनियों को फायदा होगा।
वहीं शाहाबाद मोहम्मदपुर अंडरपास बनने से शाहाबाद मोहम्मदपुर गांव, बिजवासन, पोचनपुर, भरथल गांव और द्वारका सेक्टर-21, 22 व 23 के निवासियों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
नारायणा फुट ओवरब्रिज बनने से नारायणा गांव, इंद्रपुरी, नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया (फेज 1 और 2), लोहा मंडी तथा आसपास के व्यावसायिक व आवासीय क्षेत्रों के पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा।
पालम फाटक पर जाम की वजह से हमारा सालों से रोज का 20 से 30 मिनट बर्बाद होता था। इमरजेंसी में एम्बुलेंस तक फंस जाती थी। अंडरपास बनने का काम शुरू होने से पूरे इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। इसके बनने के बाद द्वारका और कैंट जाना बहुत आसान हो जाएगा।
- बीके सिंह, द्वारका
नारायणा में पटरी पार करके फैक्ट्री जाना हमेशा जान जोखिम में डालने जैसा था। कई बार जल्दबाजी में हादसे भी हो चुके हैं। यहां नया फुट ओवरब्रिज बनने से हम जैसे हजारों पैदल चलने वाले मजदूरों और राहगीरों के लिए रास्ता पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा।
- रचित, इंद्रपुरी
यह भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट पर आज से बड़ा बदलाव, बोर्डिंग पास पर स्टांप लगवाने की जरूरत खत्म; डिजिटल हुआ पूरा प्रोसेस
