Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली BJP में अगला 'बॉस' कौन? वीरेंद्र सचदेवा की कुर्सी रहेगी बरकरार या पार्टी खेलेगी OBC-दलित कार्ड

    Updated: Thu, 07 May 2026 10:38 PM (IST)

    दिल्ली भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की चर्चा तेज है, प्रदेश अध्यक्ष पद पर जल्द फैसला होने की उम्मीद है। वीरेंद्र सचदेवा के बने रहने या किसी नए नेता को क ...और पढ़ें

    दिल्ली भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की चर्चा तेज है, प्रदेश अध्यक्ष पद पर जल्द फैसला होने की उम्मीद है। फाइल फोटो

    दिल्ली भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की चर्चा तेज है, प्रदेश अध्यक्ष पद पर जल्द फैसला होने की उम्मीद है। फाइल फोटो

    HighLights

    1. दिल्ली भाजपा अध्यक्ष पद पर जल्द होगा फैसला।

    2. वीरेंद्र सचदेवा के बने रहने पर भी विचार।

    3. कई अन्य नेताओं के नाम भी दौड़ में।

    संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। पिछले कई महीनों से दिल्ली भाजपा में संगठनात्मक बदलाव की चर्चा जोरों पर है। पिछले वर्ष जुलाई में ही इसको लेकर दिल्ली के नेताओं से सुझाव लिए गए थे, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि बंगाल सहित अन्य राज्यों के चुनावों के कारण दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष को लेकर फैसला टल गया था। अब शीघ्र ही यह तय हो जाएगा कि वीरेंद्र सचदेवा प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे या यह पद किसी अन्य नेता को मिलेगा।

    राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने पिछले वर्ष जुलाई में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर दिल्ली के भाजपा सांसदों, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों से राय ली थी। पहले यह चर्चा थी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा से पहले दिल्ली भाजपा अध्यक्ष का नाम तय हो जाएगा, लेकिन किसी कारणवश ऐसा नहीं हो सका। उसके बाद बंगाल व अन्य राज्यों के चुनावों में राष्ट्रीय नेताओं की व्यस्तता के कारण इसमें और देरी हुई। अब चुनाव समाप्त होने के बाद शीघ्र ही इस पर निर्णय होने का अनुमान है।

    अध्यक्ष पद को लेकर कई नामों की चर्चा है। वर्तमान अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा फिर से अध्यक्ष बन सकते हैं, क्योंकि उनकी अध्यक्षता में भाजपा 27 वर्षों के बाद दिल्ली में सत्ता में वापसी करने में सफल रही है। वे पहले अध्यक्ष हैं, जिनके कार्यकाल में दिल्ली में ट्रिपल इंजन सरकार बनी है।

    पार्टी ने सभी सात लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की और विधानसभा चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन किया। नगर निगम में भी भाजपा का शासन है। नगर निगम चुनाव में मिली हार के बाद तत्कालीन अध्यक्ष आदेश गुप्ता के इस्तीफा देने के बाद दिसंबर 2022 में वीरेंद्र सचदेवा को अध्यक्ष बनाया गया था।

    खबरें और भी

    मार्च 2023 में उन्हें स्थायी अध्यक्ष बना दिया गया। वे पंजाबी समुदाय से आते हैं। दिल्ली में पंजाबियों की अच्छी संख्या है और वे भाजपा के परंपरागत मतदाता माने जाते हैं। इसलिए इस बार भी पंजाबी नेता को दिल्ली की कमान सौंपी जा सकती है। सचदेवा के साथ ही पूर्वी दिल्ली के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा तथा राजीव बब्बर के नाम की भी चर्चा है।

    दिल्ली में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अनुसूचित जाति की पकड़ को और मजबूत करने के लिए इन वर्गों से जुड़े किसी नेता को अध्यक्ष बनाने पर भी विचार चल रहा है। यदि अनुसूचित जाति के किसी नेता को यह जिम्मेदारी मिलती है तो उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सांसद योगेंद्र चांदोलिया सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।

    वहीं, ओबीसी नेताओं में एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल का नाम चर्चा में है। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं मालवीय नगर के विधायक सतीश उपाध्याय, लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा और पूर्व महापौर जय प्रकाश भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।

    यह भी पढ़ें: दिल्ली के मोतीबाग फ्लाईओवर पर कैट्स एंबुलेंस में लगी आग, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बाइक भी जली