लंदन-सिंगापुर जैसा होगा दिल्ली का पब्लिक ट्रांसपोर्ट, 3575 बस स्टॉप बनेंगे वर्ल्ड क्लास; 650 करोड़ का मेगा प्लान
दिल्ली सरकार सितंबर से 3,575 बस क्यू शेल्टरों का 650 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण करेगी। इन वर्ल्ड क्लास बस स्टॉप पर पैनिक अलार्म, रियल टाइम बस ज ...और पढ़ें

लंदन और सिंगापुर की तर्ज पर बनेंगे दिल्ली के बस स्टैंड। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
3,575 बस क्यू शेल्टरों का होगा आधुनिकीकरण
650 करोड़ रुपये की योजना से मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
पैनिक अलार्म, रियल टाइम बस जानकारी होगी उपलब्ध
वीके शुक्ला, नई दिल्ली। राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्री अनुकूल बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार सितंबर से बस स्टाप के व्यापक पुनर्विकास का काम शुरू करने की तैयारी में है।
योजना के तहत मौजूदा बस क्यू शेल्टर (बीक्यूएस) को आधुनिक सुविधाओं से लैस वर्ल्ड क्लास बस स्टाप में बदला जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 650 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
3575 बस क्यू शेल्टरों का होगा पुनर्विकास
इस याेजना के तहत दिल्ली के 3575 बस क्यू शेल्टर लगाए जाने की योजना है। नई व्यवस्था के तहत बस स्टाप पर पैनिक अलार्म सिस्टम, मौसम की जानकारी दिखाने वाली डिजिटल स्क्रीन, सोलर पैनल, एलईडी लाइटें, डिजिटल विज्ञापन प्रणाली और रियल टाइम पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर बसों के रूट, नंबर और आगमन संबंधी जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
पीपीपी मॉडल पर होगा काम
दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट काॅरपोरेशन (डीटीआईडीसी) के तहत आने वाले लगभग 3,575 बस क्यू शेल्टरों का पुनर्विकास पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) माॅडल पर किया जाएगा।
इसके लिए जल्द ही एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी फर्म नियुक्त की जाएगी, जो सभी बस शेल्टरों का सर्वे, डिजाइन और पुनर्विकास का कार्य देखेगी। परियोजना में 20 वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित कंपनी की होगी।
परियोजना के तहत चयनित एजेंसी को बस शेल्टरों पर विज्ञापन के अधिकार भी दिए जाएंगे, जिससे रखरखाव और संचालन के लिए राजस्व का प्रबंध किया जा सके। टेंडर की शर्तों के अनुसार कार्यादेश जारी होने के छह महीने के भीतर पुनर्विकास का काम पूरा करना होगा।
स्मार्ट बस स्टाप बनाने पर जोर
दिल्ली सरकार का उद्देश्य बस स्टॉप को केवल प्रतीक्षा स्थल नहीं, बल्कि सुरक्षित, स्मार्ट और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक सुविधाओं के रूप में विकसित करना है।
इसी दिशा में पिछले वर्ष परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने अधिकारियों को दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, नवी मुंबई के साथ-साथ सिंगापुर और लंदन के आधुनिक बस शेल्टर माॅडलों का अध्ययन कर राजधानी में बेहतर व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए थे। अब सितंबर से इस योजना के जमीन पर उतरने की उम्मीद है।