दिल्ली में नियमों के उल्लंघन पर 1.79 लाख राशन कार्ड रद, 7.5 लाख लाभार्थी PDS प्रणाली से बाहर
दिल्ली सरकार ने नियमों के उल्लंघन और अपात्रता के कारण 1.79 लाख से अधिक राशन कार्ड रद कर दिए हैं, जिससे 7.5 लाख लाभार्थी सार्वजनिक वितरण प्रणाली से बाह ...और पढ़ें

दिल्ली सरकार ने नियमों के उल्लंघन और अपात्रता के कारण 1.79 लाख से अधिक राशन कार्ड रद कर दिए।
HighLights
दिल्ली में 1.79 लाख राशन कार्ड रद्द, 7.5 लाख लाभार्थी बाहर।
आय सीमा उल्लंघन, राशन न लेने और डुप्लीकेट कार्ड मुख्य कारण।
सरकार ने आय सीमा बढ़ाई, नए पात्र लोगों को मिलेंगे कार्ड।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने अपात्र पाए जाने और नियमों के उल्लंघन के कारण 1.79 लाख से अधिक राशन कार्ड रद कर दिए हैं। इस कार्रवाई से करीब 7.5 लाख लाभार्थी सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से बाहर हो गए हैं।
खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अनुसार, रद किए गए राशन कार्डों में से सबसे ज्यादा 1.44 लाख कार्ड उन परिवारों के थे, जिनकी सालाना आय तय सीमा (1.20 लाख रुपये) से अधिक पाई गई। आयकर विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इन परिवारों के किसी न किसी सदस्य की सालाना आय छह लाख रुपये से भी ज्यादा थी।
35 हजार परिवार बीते 12 महीनों से नहीं लिया राशन
इसके अलावा, लगभग 35 हजार राशन कार्ड इसलिए रद किए गए क्योंकि धारकों ने 12 महीने से अधिक समय से राशन नहीं लिया था। जांच में यह भी सामने आया कि करीब पांच हजार लोग मृत व्यक्तियों के नाम पर और 29 हजार से अधिक लोग डुप्लीकेट कार्ड के जरिए राशन का लाभ उठा रहे थे।
हाल ही में दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड के लिए वार्षिक आय सीमा 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये कर दी है ताकि अधिक लोग इसका लाभ ले सकें।
दिल्ली में कुल राशन कार्ड धारकों की संख्या लगभग 15.46 लाख
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, मई से ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर आवेदन लिए जा रहे हैं और लगभग दो लाख पात्र लोगों को नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे। सरकार लंबे समय से लंबित तीन लाख से अधिक पुराने आवेदनों की भी प्रक्रिया शुरू कर रही है। मौजूदा समय में दिल्ली में कुल राशन कार्ड धारकों की संख्या लगभग 15.46 लाख है।