दिल्ली में 70 लाख की लूट, बाइक सवार बदमाशों ने कैशियर को घेरकर छीना बैग; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके में एक कैशियर से 70 लाख रुपये की लूट हुई है। बाइक सवार बदमाशों ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
उत्तरी दिल्ली के रूप नगर में 70 लाख की लूट।
बाइक सवार बदमाशों ने कैशियर से नकदी का बैग छीना।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके में 70 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाशों ने मायापुरी की एक मेटल फर्म के कैशियर का पीछा किया और मौका मिलते ही रास्ता रोककर नकदी से भरा बैग लूट लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित गुलाबी बाग की ओर फरार हो गए। 25 अक्टूबर को हुई इस वारदात ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। इतनी बड़ी रकम लेकर जा रहे कैशियर को बदमाशों ने किस स्थान से निशाना बनाया और उन्हें नकदी ले जाने की जानकारी कैसे मिली, पुलिस इन पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
बाइक सवार बदमाश ने किया पीछा
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित रविंद्र कुमार मूलरूप से शाहजहांपुर का रहने वाला है। वह मायापुरी में कारोबारी विशाल गुप्ता की मेटल फर्म में कैशियर के तौर पर काम करता है। पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को रविंद्र करीब 70 लाख रुपये नकद लेकरस्कूटी से जा रहा था।
इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उसके पीछे लग गए। रूप नगर इलाके में पहुंचने पर आरोपितों ने उसे रोक लिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात के बाद पीड़ित ने अपने मालिक और पुलिस को सूचना दी।
वारदात के बाद कई थानों की पुलिस जुटी
लूट की सूचना मिलते ही उत्तरी जिले की पुलिस में हलचल मच गई। रूप नगर और गुलाबी बाग थाने की पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ कर बदमाशों के हुलिये और वारदात से जुड़े अन्य विवरण जुटाए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर रूप नगर थाना पुलिस ने लूट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की तलाश
पुलिस घटनास्थल के आसपास के अलावा उन रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिनसे होकर आरोपित फरार हुए। जांच में बदमाशों की आवाजाही और उनकी बाइक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपितों के उत्तर प्रदेश की ओर भागने के संकेत मिले हैं। हालांकि, इस दिशा में जांच जारी है और इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रकम की जानकारी किसे थी?
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि बदमाशों को 70 लाख रुपये नकद ले जाने की जानकारी कैसे मिली। पुलिस कैशियर की गतिविधियों, नकदी ले जाने के क्रम और वारदात से पहले उसकी गतिविधियों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही हाल में जेल से बाहर आए आपराधिक तत्वों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।