Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में ठंड का कहर! टूटा 13 साल का रिकॉर्ड, 3 डिग्री तक गिरा पारा; IMD ने जारी किया अलर्ट

    Updated: Sun, 11 Jan 2026 10:04 PM (IST)

    दिल्ली में कड़ाके की ठंड और ऑरेंज अलर्ट के बीच शीतलहर चली। पालम में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 13 साल का रिकॉर्ड है। एनसीआर ...और पढ़ें

    दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट के बीच रविवार को जारी शीत लहर।

    दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट के बीच रविवार को जारी शीत लहर।

    HighLights

    1. दिल्ली में कड़ाके की ठंड और ऑरेंज अलर्ट जारी।

    2. पालम में 13 साल का न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

    3. एनसीआर के रेवाड़ी में पारा माइनस में दर्ज।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। कड़ाके की ठंड और ऑरेंज अलर्ट के बीच रविवार को राजधानी में शीत लहर चली। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। वहीं एनसीआर के रेवाड़ी में यह माइनस में दर्ज किया गया। अगले दो दिन भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।

    रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 53 रिकार्ड किया गया। पालम, रिज और आयानगर का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, कुछ स्थानों पर भीषण शीतलहर की स्थिति देखी गई। वहीं एनसीआर में रेवाड़ी का न्यूनतम तापमान माइनस में -0.6 डिग्री दर्ज किया गया।

    पालम में न्यूनतम तापमान 13 वर्षों में सबसे कम दर्ज किया गया। यहां तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम 3.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले पालम में सात जनवरी, 2013 को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि पालम में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान -2.2 डिग्री सेल्सियस है, जो 11 जनवरी 1967 को दर्ज किया गया था।

    आंकड़े बताते हैं कि शहर में आयानगर सबसे ठंडा स्थान रहा। जहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम था, जबकि यहां का अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम था।

    अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज

    रिज क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम था, जबकि अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था।

    लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था।

    मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। सोमवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री जबकि अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर की स्थिति तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस और 6.4 डिग्री सेल्सियस के बीच गिर जाता है।

    दिल्ली की वायु गुणवत्ता रही 'खराब' श्रेणी में

    रविवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे का औसत एक्यूआइ 291 दर्ज किया गया। सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, 19 स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता ''बहुत खराब'' दर्ज की गई, जबकि 20 स्टेशनों पर यह ''खराब'' श्रेणी में रही। आंकड़ों के अनुसार, नेहरू नगर स्टेशन पर वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही।

    वायु गुणवत्ता चेतावनी प्रणाली के अनुसार, 12 जनवरी से 14 जनवरी के बीच वायु गुणवत्ता ''बहुत खराब'' श्रेणी में ही रहने की संभावना है।अगले छह दिनों में इसमें कोई खास सुधार होने की उम्मीद नहीं है।

    यह भी पढ़ें- AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, BJP मुख्यालय की ओर निकाला था मार्च

    खबरें और भी