दिल्ली सरकार ने LPG किल्लत को नकारा; कहा-राजधानी में गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी की आपूर्ति सामान्य है और कोई ...और पढ़ें
HighLights
दिल्ली में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, पीएनजी आपूर्ति सामान्य
मुख्य सचिव ने अफवाहों पर समीक्षा बैठक की
जनता से घबराहट, जमाखोरी से बचने की अपील
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। एलपीजी की किल्लत को लेकर चल रहीं अफवाहों के बीच दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
इसके साथ ही सरकार ने दिल्ली की जनता से अपील की है कि गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या भंडारण से बचें।
उच्चस्तरीय बैठक में स्थिति की समीक्षा
बुधवार को दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और विभिन्न तेल विपणन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पश्चिमी एशिया में उत्पन्न युद्ध की परिस्थितियों के कारण एलपीजी की आपूर्ति बाधित होने संबंधी फैल रही अफवाहों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
केंद्र सरकार के निर्देशों की जानकारी
बैठक में इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गत नौ मार्च को एक आदेश जारी किया है। इस आदेश में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए घरेलू (डोमेस्टिक) पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति, उसके उचित और समान वितरण और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
घरेलू पीएनजी की कोई कमी नहीं
दिल्ली में घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी की कोई कमी नहीं है। साथ ही प्राथमिकताओं का पुनः निर्धारण करते हुए औद्योगिक क्षेत्रों में भी लगभग 80 प्रतिशत तक निर्बाध गैस आपूर्ति को नियमित कर दिया गया है।
पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार
तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है। तेल और गैस की सप्लाई पहले की तरह लगातार मिल रही है।
सिलेंडर बुकिंग अवधि बढ़ाई गई
अधिकारियों ने दावा किया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है, लेकिन बुकिंग के बाद औसतन दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है।
व्यावसायिक सिलेंडरों के लिए प्राथमिकता तय
बैठक में बताया गया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए तेल विपणन कंपनियों द्वारा कुछ दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं, जिनके तहत शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता दी जा रही है। व्यावसायिक गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए आयल कंपनियां लगातार प्रयासरत हैं।
कालाबाजारी रोकने के निर्देश
सरकार ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि गैस की किसी भी प्रकार की चोरी या कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इस उद्देश्य से दिल्ली पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
दिल्ली सरकार ने पुनः दोहराया है कि राजधानी में तेल और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। आम जनता से अपील की गई है कि एलपीजी की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या भंडारण से बचें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।