Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली सरकार दिव्यांग बच्चों को देगी 13 लाख की स्वास्थ्य सुरक्षा, अभिभावकों का आर्थिक बोझ कम करने की तैयारी

    Updated: Tue, 26 May 2026 06:45 AM (IST)

    दिल्ली सरकार दिव्यांग बच्चों को 13 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा देने की योजना पर काम कर रही है। यह स्वास्थ्य बीमा योजना अभिभावकों का आर्थिक बोझ क ...और पढ़ें

    दिव्यांग बच्चों को 13 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा देने की योजना पर रेखा गुप्ता सरकार काम कर रही।

    दिव्यांग बच्चों को 13 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा देने की योजना पर रेखा गुप्ता सरकार काम कर रही।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार दिव्यांग बच्चों को 13 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा देने की योजना पर काम कर रही है। सरकार स्वास्थ्य बीमा योजना के जरिए दिव्यांग बच्चों को ये सुविधा देगी, जिससे अभिभावकों का आर्थिक बोझ और इलाज की टेंशन काफी हद तक कम हो सकती है। यह योजना अभी शुरुआती स्तर पर है इसलिए इसके पात्रता मानदंड क्या होंगे, कहा नहीं जा सकता।

    यह योजना लागू की जाती है तो निश्चित ही स्वास्थ्य सुरक्षा के जरिए दिव्यांग बच्चों को आपरेशन, अस्पताल में इलाज, चिकित्सा प्रक्रियाओं और उनकी देखभाल के लिए जरूरी मेडिकल डिवाइस से जुड़े खर्च में मदद मिलेगी। एक अधिकारी के मुताबिक, ‘दिव्यांग बच्चों को 13 लाख रुपये की स्वास्थ्य सुरक्षा का यह प्रस्ताव फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर है। इसे कैसे लागू किया जाएगा इस पर विचार किया जा रहा है और जल्द ही कैबिनेट के सामने रखा जाएगा।’

    उन्होंने कहा ‘स्वास्थ्य सुरक्षा देने का मकसद यही है कि कोई भी दिव्यांग बच्चा पैसों की कमी के चलते अच्छी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। सरकार इस योजना में सूचीबद्ध अस्पताल और पुनर्वास केंद्रों को भी जोड़ने पर भी विचार कर रही ताकि दिव्यांग बच्चों को इलाज में किसी तरह की तकलीफ न हो।’

    दिल्ली में हर महीने दिव्यांगों को आर्थिक मदद और परिवहन रियायतें मिल रही

    उन्होंने बताया कि ‘डेवलपमेंटल डिसआर्डर, शारीरिक अक्षमता और दीर्घकालिक बीमारी से जूझ रहे बच्चों को अक्सर निरंतर चिकित्सा देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे में प्रस्तावित बीमा कवर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को काफी राहत दे सकता है। इस नई योजना के जरिए दिल्ली में दिव्यांगों के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कल्याणकारी फैसलों में और इजाफा होगा। फिलहाल दिल्ली सरकार हर महीने दिव्यांगों को आर्थिक मदद और परिवहन रियायतें दे रही है।’

    बता दें कि मौजूदा समय में समाज कल्याण विभाग की ओर से पात्र दिव्यांग को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। वहीं दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) दृष्टिबाधित यात्रियों को फ्री बस सेवा देता है जबकि 100 प्रतिशत दृष्टिबाधित यात्रियों के अटेंडेंट को भी रियायत दी जाती है।

    यह भी पढ़ें- CBSE 12th Exam: कहीं दूसरे छात्र की कॉपी अपलोड, तो कहीं सही जवाब पर भी मिला शून्य अंक; गड़बड़ी से संकट में रिजल्ट